सार्थक भूमिका निभाने सरकार में शामिल होंगे वाम दल: बुद्धदेब
भट्टाचार्य ने यहां सोमवार को संवाददाताओं से कहा, "अगर एक एकीकृत एजेंडे के तहत ऐसी वैकल्पिक सरकार का गठन होता हैं जहां देश की आंतरिक, आर्थिक और विदेश नीति में बदलाव की बात होगी तो हम उस सरकार का हिस्सा बनेंगे। हम वहां सार्थक भूमिका निभा सकते हैं।"
उन्होंने कहा, "इस समय हम लोग गैर कांग्रेस और गैर भाजपा सरकार के गठन का प्रयास कर रहे हैं। मौजूदा समय में यही हमारा बुनियादी लक्ष्य है।"
चुनाव बाद सभी विकल्पों को खुले रखने का संकेत देते हुए भट्टाचार्य ने कहा, "पहले चुनाव पूरा हो जाने दीजिए। परिणाम भी आ जाने दीजिए। इसके बाद हम अंतिम निर्णय लेंगे। इस समय मैं यह नहीं कह सकता कि कौन सा दल किसका समर्थन करने जा रहा है।"
उन्होंने कहा, "हम केंद्र में वैकल्पिक सरकार के गठन के लिए एक नीति और एक फार्मूला बनाने के प्रयास में हैं। यह हमारा बुनियादी लक्ष्य है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications