हसीना, जिया के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की समीक्षा
ढाका, 11 मई (आईएएनएस)। बांग्लादेश की अदालतों में जहां प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ 11 मामलों को समाप्त करने की सरकार की सिफारिश पर सुनवाई चल रही है वहीं एक वरिष्ठ कानूनी अधिकारी ने सोमवार को विपक्ष की नेता खालिदा जिया और उनके परिवार पर लगे 20 से अधिक भ्रष्टाचार के आरोपों से संबंधित दस्तावेजों की जांच आरंभ की।
ये मामले वर्ष 2007-08 में देश पर शासन करने वाली सेना समर्थिक सरकार ने शुरू किए थे। दोनों महिला नेताओं को कई महीने तक जेल में रहना पड़ा था।
अवामी लीग की अध्यक्ष हसीना और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की प्रमुख खालिदा दोनों ने इन आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया था और कहा था कि इसका उद्देश्य उनकी स्वतंत्रता खत्म करना और अपने राजनीतिक समर्थकों से उन्हें दूर करना है।
सरकार के कानूनी अधिकारी ने हसीना के खिलाफ आरोपों को समाप्त करने की सिफारिश करते हुए कहा कि ये मामले अवामी लीग प्रमुख और उनकी पहले की सरकार की छवि को धूमिल करने के लिए दायर किए गए थे।
हसीना वर्ष 1996 से 2001 तक और खालिदा 1991-1996 और 2001-06 तक प्रधानमंत्री थीं।
समाचार पत्र 'डेली स्टार' ने सोमवार को कहा कि खालिदा के मामले में महानगर लोक अभियोजक की सिफारिशों को न्यायालय में पेश करने से पहले गृह मंत्रालय उसकी समीक्षा करेगा।
उल्लेखनीय है कि खालिदा, उनके दो पुत्रों तारिक रहमान और अराफात रहमान कोको ने ढाका के जिला मजिस्ट्रेट के सामने 30 अप्रैल को एक याचिका पेश करके अपने खिलाफ दायर 20 मामलों को वापस लेने का आग्रह किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications