हब्बल के मरम्मत अभियान पर जाएगा अटलांटिस
वाशिंगटन, 11 मई (आईएएनएस)। पिछले 20 वर्षो से ब्रह्मांड के रहस्यों पर नजर रख रही हब्बल दूरबीन के उपकरणों की मरम्मत के लिए अटलांटिस अंतरिक्ष यान सोमवार को रवाना होगा। वैज्ञानिकों को आशा है कि मरम्मत के बाद हब्बल दूरबीन महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराती रहेगी।
हब्बल की मरम्मत के लिए अटलांटिस का पांचवां और अंतिम अभियान सोमवार को फ्लोरिडा के केप कैनावरल स्थित केनेडी अंतरिक्ष केंद्र से शुरू होगा। अटलांटिस के चालक दल के सदस्य हब्बल दूरबीन में दो नए उपकरणों को लगाने, दो पुराने उपकरणों की मरम्मत और अन्य हार्डवेयर को हटाने के लिए अंतरिक्ष में पांच बार चहलकदमी करेंगे।
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा को आशा है कि इस मरम्मत से हब्बल का जीवनकाल वर्ष 2014 तक बढ़ जाएगा और यह ब्रह्मांड की उत्पत्ति और प्रकृति के बारे में जानकारी भेजती रहेगी।
हब्बल दूरबीन को 1990 में अंतरिक्ष में भेजा गया था और उसके बाद से वह ब्रह्मांड की उम्र के निर्धारण, आकाशगंगाओं के केंद्र में ब्लैक होल्स और ग्रहों की निर्माण प्रक्रिया के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी भेज रही है।
नए उपकरणों के लगाए जाने के बाद वैज्ञानिकों को आकाशगंगाओं में गैसों की जानकारी और दूरस्थ तारों की विस्तृत तस्वीरें मिलने की आशा है।
हब्बल की मरम्मत का यह अभियान कई बार टलता रहा है। वर्ष 2011 में जेम्स वेब अंतरिक्ष दूरबीन को भेजे जाने से पहले ही हब्बल का काम ठप होने की आशंका की वजह से यह प्रयास किया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications