फ्लू के मरीजों की संख्या 3,000 के पार

समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार को स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या अमेरिका में 1,639 और मेक्सिको में 1,364 हो गई। स्वाइन फ्लू की वजह से 48 लोगों की मौत भी हो चुकी है। मेक्सिको में 45 लोगों की जान इस बीमारी की वजह से चली गई।
अमेरिका में स्वाइन फ्लू के वायरस ए (एच1एन1) से संक्रमित एक व्यक्ति की मौत हो गई। स्वाइन फ्लू से हुई मौत का अमेरिका में यह तीसरा मामला है। शनिवार को इस व्यक्ति में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी। इस व्यक्ति की उम्र 30 साल के करीब थी। यहां के रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (सीडीसी) ने इसकी पुष्टि की है कि व्यक्ति की मौत स्वाइन फ्लू से हुई है।
कोस्टा रिका में स्वाइन फ्लू से पहली मौत की पुष्टि हुई है। यहां स्वाइन फ्लू के वायरस ए (एन1एन1) से संक्रमित एक 53 वर्षीय व्यक्ति की शनिवार को मौत हो गई। स्वास्थ्य मंत्री मारिया लुईसा अवीला ने बताया कि मरीज का उचित उपचार किया गया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। यहां अब तक स्वाइन फ्लू से जुड़े कुल नौ मामलों की पुष्टि हो चुकी है।
स्वाइन फ्लू कनाडा के जरिए जापान में दाखिल हो गई है। जापान में अब तक स्वाइन फ्लू के तीन मामलों की पुष्टि हो चुकी है। मीडिया की खबरों के मुताबिक गुरुवार को कनाडा से जापान पहुंचे एक अध्यापिका और दो छात्रों के स्वाइन फ्लू की चपेट में आने की पुष्टि हुई। अध्यापिका की उम्र 46 और छात्रों की उम्र 16 साल है। कनाडा में इस घातक बीमारी की चपेट में आने वालों की संख्या 280 हो गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications