श्रीलंका में तमिलों को बराबरी का दर्जा दिलाना अंतिम लक्ष्य : सोनिया (लीड-1)
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एम.करुणानिधि की उपस्थिति में एक चुनावी रैली में सोनिया ने कहा,"हमारा अंतिम लक्ष्य श्रीलंका के तमिल लोगों के लिए बराबरी का दर्जा और समान अधिकार सुनिश्चित करना है।"
उन्होंने कहा कि श्रीलंका की सेना के लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) के खिलाफ अभियान में हजारों नागरिकों के युद्ध क्षेत्र से पलायन करने के कारण उन्हें गहरी वेदना हुई है।
सोनिया ने कहा कि भारत ने श्रीलंका सरकार को तमिलों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और मानवीय राहत कार्य करने को कहा है।
तमिलनाडु के लोगों से कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन को लोकसभा चुनाव में वोट देने की अपील करते हुए सोनिया गांधी ने कहा,"आपने वर्ष 2004 के लोकसभा चुनाव में तमिलनाडु और पुड्डचेरी की 40 में से 40 सीटें हमें दी थीं और मैं इसे दोहराने का आग्रह करती हूं।"
सोनिया गांधी ने संप्रग सरकार के कार्यकाल में खासकर तमिलनाडु में किए गए विकास कार्यो का भी वर्णन किया।
तमिलनाडु और पुड्डचेरी में लोकसभा चुनाव के अंतिम दौर में 13 मई को मतदान होगा। राज्य में सत्तारूढ़ डीएमके कांग्रेस की प्रमुख सहयोगी दल है।
सोनिया ने कहा कि संप्रग सरकार ने श्रीलंका में शत्रुता समाप्त करने के लिए हर संभव कार्य किया है और आगे भी करेगी।
वामदलों के नेतृत्व वाले तीसरे मोर्चे पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा,"वह ताश के महल के समान है और आंतरिक कलह के कारण समाप्त हो जाएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications