स्वात में सैन्य कार्रवाई के बीच नागरिकों का पलायन जारी (लीड-1)
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार अधिकारियों ने अपराह्न् तक कर्फ्यू में ढील दी और स्वात के प्रमुख शहर मिंगोरा के पास के कम से कम चार इलाकों के निवासियों से सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा।
अधिकारियों ने कहा है कि कंबर और रहीमाबाद कस्बे के निवासियों से विशेष रूप से कहा गया है कि वे इलाके को खाली कर दें। यहां तालिबान लड़ाकों ने नागरिकों के बीच घुसपैठ बना रखी है।
सड़क परिवहन की अनुपलब्धता के कारण तमाम लोग सड़कों पर पैदल ही निकल पड़े हैं।
एक सुरक्षा अधिकारी ने कहा है कि तालिबानी आतंकियों के संदिग्ध पलायन को रोकने के लिए स्वात घाटी में वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। इस कारण पलायन करने वाले नागरिकों के लिए परिवहन को लेकर समस्या खड़ी हो गई है। ऐसे में खबर मिली है कि कुछ वाहन चालक नागरिकों से मनमाना किराया भी वसूल रहे हैं।
भारी पैमाने पर नागरिकों के पलायन से चिंतित संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी संस्था ने कहा है कि करीब 200,000 लोग पहले ही पलायन कर चुके हैं और अब 300,000 अतिरिक्त नागरिक पलायन कर रहे हैं या पलायन की तैयारी में हैं।
स्वात में सेना के एक प्रवक्ता ने कहा है कि नागरिकों के ताजा पलायन की स्थिति तब बनी है, जब सेना के हेलीकॉप्टरों ने मिंगोरा शहर में आतंकी ठिकानों पर हमले शुरू कर दिए।
प्रवक्ता के अनुसार इस हमले में कितने आतंकी हताहत हुए हैं, इस बारे में फिलहाल जानकारी नहीं उपलब्ध हो पाई है।
उधर, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने शनिवार को कहा था कि देश की हिफाजत के लिए पाकिस्तानी सुरक्षा बल तालिबान के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं।
आतंकवाद को समाप्त करने के लिए शुक्रवार से आरंभ पूर्ण सैन्य अभियान में सेना ने कुछ महत्वपूर्ण कमांडरों सहित अब तक 200 आतंकवादियों को मौत के घाट उतारने का दावा किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications