नंदीग्राम में केंद्रीय सुरक्षा बल तैनाती संभव
राज्य के मुख्य सचिव अशोक मोहन चक्रबर्ती ने यहां पत्रकारों को बताया, "यदि नंदीग्राम में कानून-व्यवस्था की स्थिति और बिगड़ी तो हमें स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए कार्रवाई करनी पड़ेगी। हम जरूरत पड़ने पर केंद्रीय अर्ध सैनिक बलों की मदद भी ले सकते हैं।"
हिंसाग्रस्त नंदीग्राम की स्थिति की समीक्षा के लिए राज्य सचिवालय, राइटर्स बिल्डिंग में चक्रबर्ती की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य के पुलिस महानिरीक्षक (कानून-व्यवस्था) राज कन्नौजिया और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी उपस्थित थे।
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार नंदीग्राम में शनिवार को तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ हुए संघर्ष में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के दो कार्यकर्ताओं की मौत हो गई थी।
दूसरी ओर नंदीग्राम में ही गुरुवार की रात हुए एक बम विस्फोट में तृणमूल कांग्रेस के एक समर्थक और उसकी दो वर्षीय बेटी की मौत हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications