राजधानी की सुरक्षा के लिए आतंकवाद विरोधी अड्डा स्थापित होगा
नई दिल्ली, 10 मई (आईएएनएस)। मुंबई पर हुए आतंकवादी हमले से सबक सीखते हुए सरकार की राजधानी के निकट राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) सहित विशेष सुरक्षा बलों का एक संचालन अड्डा बनाने की योजना है।
यह अड्डा 40 लाख डॉलर की लागत से गाजियाबाद के हिंडन वायुसेना स्टेशन के समीप स्थापित किया जाएगा, जहां वायुसेना के लड़ाकू और परिवहन विमानों का अड्डा है।
वायुसेना के एक अधिकारी ने अपना नाम गुप्त रखने की शर्त पर बताया कि वायुसेना के बेड़े में सुपर हरक्यूलिस सी-130जेएस विमान शामिल हुए हैं। इसका उपयोग विशेष कार्रवाइयों में होगा।
भारत ने पिछले वर्ष अमेरिका से 59.6 करोड़ डॉलर में छह सुपर हरक्यूलिस सी-130जेएस विमान खरीदे हैं। इन विमानों में हवा में ही ईंधन भरने के साथ ही अन्य कई सुविधाएं भी शामिल हैं।
अधिकारी ने कहा कि परिवहन विमान आतंकवाद विरोधी अभियान की रीढ़ साबित होगा। इससे सेनाओं की तैनाती में काफी कम समय लगेगा।
वर्तमान समय में एनएसजी का केंद्र हरियाणा के मानेसर में स्थित है। एनसजी के जवानों को पहले सड़क मार्ग से दिल्ली और फिर उपलब्ध उड़ान को पकड़ना होता है। मुंबई पर 26/11 हमले के दौरान एनएसजी को पालम हवाई अड्डे पर विमान के लिए एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications