लुधियाना में मोदी-नीतीश दिखे एक साथ (लीड-1)
तमाम अटकलों को दरकिनार करते हुए नीतीश राजग की रैली में भाग लेने के लिए रविवार दोपहर पंजाब के औद्योगिक शहर लुधियान पहुंचे। राजग ने यह रैली अपनी ताकत और एकजुटता दिखाने के लिए आयोजित की।
रैली के दौरान नीतीश और मोदी एनडीए के शीर्ष नेताओं की अगड़ी पंक्ति में थे।
कुछ मिनटों की देरी से पहुंचे मोदी ने नीतीश से मुलाकात की और बदले में नीतीश ने भाजपा नेता को बधाई दी। दोनों ने एक दूसरे से हाथ मिलाया और आपस में कुछ बातें की।
दरअसल, हाल ही में नीतीश ने कहा था कि उनकी पार्टी मोदी को प्रधानमंत्री के रूप में स्वीकार नहीं करेगी। साथ ही नीतीश ने मोदी के साथ एक मंच पर न आने की बात भी कही थी।
नीतीश कुमार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष राजनाथ सिंह और पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी के बगल में बैठे थे।
इससे पहले जनसभा के लिए रवाना होने से पहले नीतीश ने पटना में कहा कि राजग के अलावा किसी अन्य राजनीतिक गठजोड़ में शामिल होने का सवाल ही नहीं है।
पिछले दिनों कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी द्वारा नीतीश की प्रशंसा किए जाने के बाद से कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थी।
इस मौके पर तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) औपचारिक तौर पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल हो गया। टीआरएस प्रमुख के. चंद्रशेखर राव भी राजग की जनसभा में शामिल हुए। अकाली दल के नेता और पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने उनका स्वागत किया।
जनसभा में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के अध्यक्ष अजीत सिंह, असम गण परिषद (अगप) अध्यक्ष चंद्रमोहन पटोवरी, इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) अध्यक्ष ओमप्रकाश चौटाला और शिवसेना के नेता मनोहर जोशी मौजूद थे।
भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस जनसभा में मौजूद रहे। गुजरात के मुख्यमंत्री मोदी, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री बी. सी. खंडूरी भी इस जनसभा में पहुंचे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications