पहले गवाह ने क़साब की पहचान की

मुंबई हमलों की सुनवाई के दौरान पहले गवाह की पेशी हुई. पुलिस अधिकारी भास्कर कदम ने अदालत के सामने अजमल आमिर क़साब की पहचान की. पुलिस अधिकारी भास्कर कदम ने अदालत को सामने कहा कि क़साब ही वो शख़्स है, जिसने पुलिस अधिकारी तुकाराम ओम्बाले पर गोली चलाई थी.
कदम ने अदालत को बताया कि वे 26 नवंबर की रात दक्षिणी मुंबई के गिरगाम चौपाटी पर थे, जहाँ से क़साब को पकड़ा गया था. क़साब पर 86 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें भारत के ख़िलाफ़ युद्ध छेड़ने, हत्या और विस्फोटक रखने के मामले हैं.लेकिन क़साब ने इन सब आरोपों से इनकार किया है. पिछले साल नवंबर में मुंबई में हुए हमलों में 170 से ज़्यादा लोग मारे गए थे. इनमें नौ हमलावर भी शामिल थे.
मुक़दमा
पुलिस का दावा है कि क़साब भी मुंबई में हुए हमलों में शामिल था. इस मामले में दो भारतीय फ़हीम अंसारी और सबाउद्दीन अहमद पर भी मुक़दमा चल रहा है.इन दोनों पर आरोप है कि ये चरमपंथी संगठन लश्कर-ए-तैबा के सदस्य हैं और इन्होंने मुंबई के हमलावरों की मदद की थी. इन दोनों ने भी इन आरोपों से इनकार किया है.
सरकारी वकील उज्ज्वल निकम ने बीबीसी को बताया कि पुलिस अधिकारी भास्कर कदम ने अदालत को बताया कि कैसे एक अन्य अधिकारी तुकाराम ओम्बाले ने क़साब को पकड़ा. ओम्बाले उन 20 से ज़्यादा पुलिस अधिकारियों में शामिल हैं, जो मुंबई हमलों के दौरान मारे गए. मुंबई हमलों के मामले में भास्कर कदम पहले गवाह हैं. सोमवार को भी उनसे पूछताछ जारी रहेगी. इसके बाद बचाव पक्ष के वकील उनसे पूछताछ करेंगे.


Click it and Unblock the Notifications