'लश्कर का शीर्ष कमांडर मारा गया'

भारत प्रशासित जम्मू-कश्मीर में पुलिस के अनुसार डोडो ज़िले में हुई एक मुठभेड़ में लश्करे तैबा के एक शीर्ष कमांडर समेत दो चरमपंथी मारे गए.पुलिस के अनुसार शुक्रवार की शाम सूचना मिली थी कि जम्मू से 170 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में कुछ चरमपंथी धार के जंगलों में छिपे हुए हैं.
इस सूचना पर सेना और राज्य पुलिस की एक टीम ने संदिग्ध ठिकाने को घेर लिया. पुलिस के अनुसार आज सुबह पुलिस को चरमपंथियों के असली ठिकाने का पता चल गया.
पाक नागरिक होने का दावा
पुलिस के अनुसार शनिवार की सुबह चरमपंथियों और सुरक्षाबलों के बीच हुई गोलीबारी में लश्कर के ज़िला कमांडर अबू समामा और उसके साथी बरकत अली मारे गए. मुठभेड़ में सेना का एक जवान भी गंभीर रूप से घायल हो गया.
पुलिस ने दावा किया है कि अबू समामा पाकिस्तानी नागरिक है, जबकि बरकत अली स्थानीय चरमपंथी था. पुलिस के अनुसार अबू समामा पिछले पांच साल से इस क्षेत्र में सक्रिय था और वांछित चरमपंथियों की सूची में शामिल था.
पुलिस ने समामा की मौत को 'सुरक्षा बलों की बड़ी जीत और लश्कर के लिए बड़ा झटका" बताया है.सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ स्थल से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है. फ़रार चरमपंथियों की तलाशी में आस-पास के इलाक़ों में तलाशी अभियान चलाया गया है.


Click it and Unblock the Notifications