ढाका में पश्चिमी देशों के दूतावासों की सुरक्षा बढ़ी
ढाका, 9 मई (आईएएनएस)। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में चार पश्चिमी देशों के दूतावासों को संदिग्ध आतंकवादी संगठनों की ओर से धमकियां मिलने के बाद सरकार ने वहां की सुरक्षा कड़ी कर दी है।
इनमें अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा और आस्ट्रेलिया के दूतावास शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों ने 100,000 डॉलर की राशि और मलेशिया के जोहोर में हिरासत में लिए गए जर्मन बम इंजीनियर मास सेल्मत कस्तारी की रिहाई की मांग की है।
आतंकवादियों ने दूतावासों से सात दिन के भीतर अपनी गतिविधियां बंद करने की मांग की है और कहा है कि ऐसा नहीं होने पर उनके खिलाफ हमले किए जाएंगे।
आतंकवादियों की ओर से गुरुवार रात को मिली इस धमकी के बाद राजधानी ढाका के बड़ीधारा-गुलशन में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
ढाका मेट्रोपोलिटन पुलिस के आयुक्त ए.के.एम.शहीदुल हक ने द डेली स्टार को बताया, "अज्ञात अपराधियों ने फैक्स के माध्यम से अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन और आस्ट्रेलिया के दूतावासों को उड़ा देने की धमकियां भेजी हैं।"
उन्होंने बताया, "आतंकवादियों ने खुद को जेमा इस्लामिया अल-कायदा का बताया है लेकिन हमें ऐसे किसी संगठन के वजूद के बारे में कोई जानकारी नहीं है।"
आयुक्त ने बताया, "इसके बाद उन दूतावासों के साथ समन्वय बैठके की गईं। वहां अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात कर, सतर्कता बढ़ा कर और पुलिस चौकियां बनाकर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications