'पाकिस्तान अलकायदा का वैश्विक अड्डा बन गया है'
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 9 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान कुख्यात आतंकवादी संगठन अलकायदा की वैश्विक आतंकवादी गतिविधियों का कें द्र बन गया है, वहीं तालिबान अपनी रणनीति के मुताबिक पाकिस्तानी इलाकों पर काबिज होने के प्रयास में है। एक शीर्ष अमेरिकी कमांडर की यह राय है।
अमेरिकी केंद्रीय कमान के प्रमुख जनरल डेविड पेट्रॉस ने 'वाल स्ट्रीट जर्नल' के साथ एक भेंटवार्ता में कहा कि पाकिस्तान अलकायदा नेताओं के लिए अभयारण्य बन गया है। पाकिस्तान के उन इलाकों का इस्तेमाल दुनिया भर में आतंकी हमलों की योजना बनाने के लिए किया जा रहा है, जहां प्रशासन का वजूद मिट चुका है। सरकारी कानूनों की घोर अवज्ञा करने वाले इन अशांत इलाकों में अलकायदा के प्रमुख सदस्य दुनिया भर के प्रमुख ठिकानों पर हमले की योजना तैयार करते हैं।
पेट्रॉस ने कहा कि पाकिस्तान के दुर्गम इलाकों में पनाह लेने वाले इन आतंकवादी नेताओं को इराक, यमन, सोमालिया, उत्तरी अफ्रीका, यूरोप आदि में सक्रिय अल कायदा तत्वों के साथ संपर्क कायम करने और उनके साथ मिलकर दुनिया भर में आतंकवादी हमलों की योजना तैयार करने में आसानी होती है।
पेट्रॉस के इस बयान से अमेरिकी प्रशासन की यह राय की फिर पुष्टि होती है कि अब अंतर्राष्ट्रीय आतंकवाद की धुरी अफगानिस्तान नहीं, बल्कि पाकिस्तान बन गया है। जनरल ने स्पष्ट शब्दों में कहा, "आप कह सकते हैं कि पाकिस्तान अलकायदा का मुख्यालय है।"
साथ ही उन्होंने यह चिंताजनक बयान भी दिया कि तालिबान पाकिस्तान और अफगानिस्तान दोनों मुल्कों में अपनी खतरनाक योजनाओं पर अमल कर रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तरी अफगानिस्तान में तालिबान अपने नए प्रशिक्षित सदस्यों को तैनात कर रहा है, वहीं उसने नए कमांडरों की नियुक्ति भी बड़े पैमाने पर की है। पाकिस्तान में भी यह संगठन तेजी से संगठित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि आतंकवादी अपने प्रभाव वाले इलाकों पर अपनी पकड़ कमजोर नहीं होने देना चाहते। उनका मानना है कि अलकायदा नेतृत्व पहले से कहीं ज्यादा केंद्रीयकृत हो गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications