टीआरएस राजग को दे सकती है समर्थन (लीड-1)
टीआरएस नेता बी. विनोद कुमार ने नई दिल्ली में पत्रकारों से कहा, "हमारा मुख्य एजेंडा तेलंगाना है। अलग तेलंगाना का समर्थन करने वाली पार्टी को ही हम समर्थन देंगे।"
उन्होंने कहा, "हम राजग का समर्थन कर सकते हैं, लेकिन हम पहले चुनाव परिणाम देखेंगे।"
खबरों के मुताबिक टीआरएस अध्यक्ष के.चंद्रशेखर राव राजग के एक घटक दल शिरोमणि अकाली दल के साथ लुधियाना में रविवार को एक चुनावी रैली को संबोधित करने के लिए सहमत हो गए हैं।
टीआरएस के सूत्रों ने यहां कहा है कि अकाली दल प्रमुख और पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने एक रैली को संबोधित करने के लिए राव को आमंत्रित किया है।
ज्ञात हो कि टीआरएस ने हाल ही में लोकसभा चुनाव और आंध्रप्रदेश विधानसभा चुनाव तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) और दो वामपंथी पार्टियों के गठबंधन के साथ मिल कर लड़ा है।
राज्य में 23 अप्रैल को दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के तत्काल बाद टीआरएस प्रमुख ने कहा था कि उनकी पार्टी सरकार बनाने में उसी गठबंधन का समर्थन करेगी, जो अलग तेलंगाना राज्य की उनकी मांग का समर्थन करेगा।
अब स्थिति यह है कि टीआरएस फिलहाल तेलुगू देशम पार्टी के साथ तीसरे मोर्चे का घटक दल जरूर है। लेकिन भाजपा भी सत्ता में आने के 100 दिनों के भीतर ही अलग तेलंगाना राज्य का वादा कर चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications