29 देशों में 3,440 लोग स्वाइन फ्लू की चपेट में : डब्ल्यूएचओ (लीड-2)
अमेरिका में इस बीमारी के सर्वाधिक 1,639 मामलों की पुष्टि हो चुकी है जबकि मेक्सिको में 1,364 लोग इसके शिकार हुए हैं। समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक अमेरिका के रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (सीडीसी) के कार्यवाहक निदेशक रिचर्ड बेसर ने बताया कि शुक्रवार को अमेरिका के 42 राज्यों में 1,639 मामलों की पुष्टि हुई।
इस बीच स्वाइन फ्लू के वायरस ए (एच1एन1) ने जापान और आस्ट्रेलिया में भी दस्तक दे दी है। जापान में इससे जुड़े तीन मामलों की पुष्टि हुई। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि नारिता अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक अध्यापिका और दो छात्रों में इस बीमारी के लक्षण दिखे हैं। जांच के बाद तीनों के स्वाइन फ्लू की चपेट में आने की पुष्टि हुई। ये तीनों कनाडा से अमेरिका के रास्ते वापस लौटे थे।
स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि तीनों मरीजों की हालत स्थिर बनी हुई है। स्वास्थ्य, श्रम और कल्याण मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि विमान में इन तीनों के निकट बैठने वाले 11 अन्य लोग भी स्वाइन फ्लू की चपेट में आ सकते हैं।
आस्ट्रेलिया में भी एक महिला इस बीमारी की चपेट में आ गई है। अमेरिका से पिछले सप्ताह ब्रिसबेन लौटी एक महिला को यह बीमारी हुई है। क्वींसलैंड प्रांत के स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि महिला की जांच रिपोर्ट सकारात्मक रही है।
ब्रिसबेन हवाई अड्डे पर गुरुवार को इस महिला में स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखे थे। वह ब्रिसबेन में ही अपने परिवार के साथ रहती है। आस्ट्रेलिया में अब तक 567 लोगों की स्वाइन फ्लू से जुड़ी जांच की जा चुकी है।
पनामा में एक युवक के स्वाइन फ्लू से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। पनामा में स्वाइन फ्लू का यह पहला मामला है। यहां के स्वास्थ्य मंत्री रोजारियो टर्नर ने शुक्रवार को बताया कि स्वाइन फ्लू की चपेट में आया युवक खतरे से बाहर है। यह युवक हाल ही में अमेरिका से लौटा था।
उधर, कनाडा में शुक्रवार को स्वाइन फ्लू के वायरस ए(एच1एन1) के संक्रमण से पहली मौत की पुष्टि कर दी गई। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि अलबर्टा प्रांत में गत 28 अप्रैल को महिला की मौत की वजह स्वाइन फ्लू ही थी। इससे पहले कहा गया था कि उक्त महिला की मौत की वजह अन्य चिकित्सकीय कारणों से हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications