मोइली ने कहा, मुझे कांग्रेस के मीडिया प्रकोष्ठ से हटाया नहीं गया (लीड-1)
सूत्रों के अनुसार बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आलोचना करने के बाद उनके खिलाफ यह कदम उठाया गया है। लेकिन इन खबरों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मोइली ने यहां पत्रकारों से कहा, "यह अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) का एक अंदरूनी अस्थायी प्रशासनिक बंदोबस्त है। लेकिन इसमें किसी ने किसी तरह की गलत चाल चली है।"
मोइली ने यह भी कहा है कि उनके पद छोड़ने से नीतीश कुमार पर उनके द्वारा की गई टिप्पणी का कुछ भी लेना-देना नहीं है।
मोइली ने कहा कि उन्होंने 31 मार्च को ही पद छोड़ दिया था, ताकि वह अपने गृह राज्य कर्नाटक में लोकसभा चुनाव पर ध्यान केंद्रित कर सकें। और इसके बाद जनार्दन द्विवेदी को मीडिया प्रकोष्ठ का अस्थायी प्रभारी बना दिया गया था।
हालांकि 31 मार्च के बाद भी मोइली ने यहां कांग्रेस मुख्यालय में कुछ दैनिक पत्रकार वार्ताओं को संबोधित किया है।
मोइली ने शुक्रवार को जनता दल (युनाइटेड) के नेता और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आलोचना की थी। उन्होंने कहा था, "मैं यह नहीं सोचता कि कांग्रेस नीतीश कुमार को हीरो बना रही है। उन्होंने जिस तरह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन किया हुआ है उससे उनकी धर्मनिरपेक्ष छवि खराब हुई है।"
मोइली ने कहा था कि नीतीश कुमार खुद के बारे में अधिक सोचते हैं और उन्हें भाजपा का साथ देने पर पछतावा होगा। उन्होंने कहा, "हम उनसे संपर्क नहीं कर रहे हैं। यदि वह सांप्रदायिक लोगों के साथ रहना चाहते हैं तो यह उनकी मर्जी है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications