तालिबान पर पाकिस्तानी हमले के बाद भटक रहे हैं स्वातवासी
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक संयुक्त राष्ट्र की रिफ्यूजी एजेंसी ने अनुमान लगाया है कि कभी पर्यटन का केंद्र रहे इस इलाके से बीते कुछ दिनों में 200,000 लोग निकल भागे हैं।
पाकिस्तान ने शुक्रवार को तालिबान के खिलाफ पूरी ताकत से लड़ाई छेड़ने की घोषणा कर दी थी। एक दिन पहले ही प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने राष्ट्रीय एकता का आह्वान करते हुए कहा था कि सेना को आतंकवादियों को पूरी तरह नष्ट करने का आदेश दे दिया गया है।
अमेरिका ने भी इस सैन्य कार्रवाई का स्वागत किया था। सेना के हेलीकॉप्टरों ने स्वात घाटी के मुख्य कस्बे मिंगोरा में तालिबान के ठिकानों पर हमले करने आरंभ कर दिए थे।
सैन्य प्रवक्ता मेजर जनरल अतहर अब्बास ने संवाददाताओं को बताया कि सैनिक करीब 5,000 तालिबान आतंकवादियों से जूझ रहे हैं। उन्होंने बताया कि आतंकवादी अपने बचाव के लिए नागरिकों को कवच के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं।
पाकिस्तानी सरकार ने अंतर्राष्ट्रीय और स्थानीय राहत एजेंसियों की सहायता से कई राहत शिविर बनाए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications