मुशर्रफ ने देश छोड़ा, जान का खतरा

मुशर्रफ के करीबी सहयोगी मेजर जनरल (रिटायर्ड) राशिद कुरैशी ने कहा कि लेक्चर देने विदेश गए मुशर्रफ के निकट भविष्य में वतन वापसी की संभावना नहीं है। कुरैशी मुशर्रफ के पूर्व प्रवक्ता भी हैं। उन्होंने इस बात की पुष्टि की कि मुशर्रफ लंबे वक्त तक विदेश में रहेंगे और इस बारे में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है कि वह कब लौटेंगे।
लेक्चर दे रहे मुशर्रफ
कुरैशी ने अखबार द न्यूज डेली से कहा- मैं मुशर्रफ के संपर्क में हूं, लेकिन उन्होंने मुझे यह नहीं बताया कि कब तक पाकिस्तान लौटेंगे। मुशर्रफ 19 अप्रैल को निजी यात्रा पर सऊदी अरब रवाना हुए थे। वहां से वह यूरोप चले गए। पाकिस्तान से अनिश्चित काल के लिए उनके बाहर जाने के बाद राजनीतिक हलकों में अटकलों का बाजार गर्म है।
पूर्व सैन्य शासक के एक अन्य सहयोगी शहरयार ने कहा कि मुशर्रफ इस समय लंदन में हैं और वहां से वह अमेरिका जाएंगे। इसके बाद वह फिर यूरोप लौटेंगे। अमेरिका और यूरोप में मुशर्रफ आतंकवाद और तालिबान के उदय से जुड़े विषयों पर लेक्चर दे रहे हैं। पिछले साल राष्ट्रपति पद छोड़ने के बाद से यह उनका सबसे लंबा विदेश दौरा है।


Click it and Unblock the Notifications