'ओबामा की नीति वैश्वीकरण के विरुद्ध'

भारत समेत कई देशों में रोजगार उपलब्ध कराने वाली अमेरिकी कंपनी हनीवेल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डेविड कोट ने यह बात कहते हुए ओबामा की नीति का खुलकर विरोध किया। हनीवेल की नई शोध सेवाओं का उद्धाटन करने के बाद मीडिया से बातचीत में डेविड कोट ने कहा कि ओबामा की नई टैक्स नीति बड़ी चिंता का विषय है।
माना कि टैक्स देना किसी भी देश के विकास के लिए अच्छा है, लेकिन इस नीति से वैश्वीकरण पर रोक लग जाएगी, जोकि अच्छे संकेत नहीं हैं। यह केवल अन्य देशों के लिए ही नहीं बल्कि अमेरिका के लिए भी लाभकारी नहीं है।
बेंगलुरू में टैलेंट की कमी नहीं
डेविड कोट ने कहा, "बेंगलुरू जैसे शहरों में उपलब्ध टैलेंट ही है, जिसके बल पर हम आगे बढ़े वरना हम अमेरिका से बाहर 50 प्रतिशत से ज्यादा व्यापार कर ही नहीं सकते थे। हमें बेंगलुरू जैसा और कोई स्थान नहीं मिला जहां हमे इतने अच्छे परिणाम मिले हों।"
भारत में अनुभव की तारीफ करते हुए कोट ने कहा, "ओबामा की नीति कहती है बेंगलुरू छोड़ बोफालो में रोजगार सृजन करें, जबकि मेरा मानना यह है कि रोजगार उन जगहों पर सृजित करना चाहिये, जहां उससे जीडीपी में वृद्धि हो।"
कोट ने कहा, "ओबामा का प्रस्ताव उन लोगों के लिए भी हानिकारक है, जो इसकी पैरवी कर रहे हैं। हम टैक्स की जरूरत को समझते हैं और उसे पूरा भी करेंगे, लेकिन वैश्विक स्तर पर व्यापार पर ब्रेक लगाना आर्थिक व्यवस्था के लिए अच्छा नहीं।"


Click it and Unblock the Notifications