स्वाइन फ्लू: कनाडा में महिला की मौत, ब्राजील और अर्जेटीना में मामले (लीड-1)
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने स्थानीय मीडिया के हवाले से खबर दी है कि महिला की मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है लेकिन वह स्वाइन फ्लू से संक्रमित थी। कनाडा में स्वाइन फ्लू के चपेट में आने वालों की संख्या 214 हो गई है।
ब्राजील और अर्जेटीना में भी स्वाइन फ्लू के मामलों की पुष्टि हो गई है। ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्री जोस गोम्स टेम्पोरावो ने गुरुवार को स्वाइन फ्लू के चार मामलों की पुष्टि की। उन्होंने कहा, "स्वाइन फ्लू का वायरस ब्राजील में भी दस्तक दे चुका है।"
टेम्पोरावो ने बताया कि ब्राजील में जो चार लोग वायरस ए(एच1एन1) से संक्रमित पाए गए हैं उनमें से तीन अमेरिका और एक मेक्सिको से लौटे हैं।
अर्जेटीना की स्वास्थ्य मंत्री ग्रासेला ओकाना ने गुरुवार को बताया कि एक व्यक्ति के फ्लू से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। वह 25 अप्रैल को मेक्सिको से लौटा था।
उधर, अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा ने अंतर्राष्ट्रीय जगत से अनुरोध किया है कि स्वाइन फ्लू की वजह से सुअर के मांस से बने उत्पादों के व्यापार पर लगाए गए सभी प्रतिबंधों को हटा लिया जाए। तीनों देशों की ओर से गुरुवार को जारी एक संयुक्त बयान में कहा गया है कि प्रतिबंधों से अंतर्राष्ट्रीय व्यापार नियमों का उल्लंघन हुआ है।
तीनों देशों ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) से आग्रह किया है कि वह इस बात को सुनिश्चति करे कि स्वाइन फ्लू का संक्रमण सुअर के मांस से नहीं हो रहा है।
डब्ल्यूएचओ का कहना है कि दुनिया के 23 देशों में अब तक स्वाइन फ्लू से जुड़े 2,099 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। स्वाइन फ्लू मेक्सिको में 1,112, और अमेरिका में 642 लोगों को अपनी चपेट में ले चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications