चेन्नई में प्रचार करेंगी सोनिया गांधी
तमिलनाडु की 39 और पुड्डचेरी की एक संसदीय सीट के लिए 13 मई को मतदान होगा।
राज्य कांग्रेस विधायक दल के नेता डी.सुदर्शनम ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया कि सोनिया गांधी और करुणानिधि संयुक्त रूप से 10 मई को रैली को संबोधित करेंगे। सोनिया गांधी उसी दिन वापस दिल्ली लौट जाएंगी।
करुणानिधि के खराब स्वास्थ्य के कारण सोनिया गांधी ने राज्य का छह मई का अपना तय दौरा अंतिम समय में रद्द कर दिया था। करुणानिधि इस समय अपोलो अस्पताल में भर्ती हैं।
बहरहाल प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह शनिवार को चेन्नई में मीडिया को संबोधित करेंगे। वह किसी चुनावी सभा को संबोधित नहीं करेंगे। प्रधानमंत्री करुणानिधि से भी भेंट करेंगे।
कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी तमिलनाडु के शिवगंगा और त्रिची संसदीय क्षेत्रों के एक दिन के दौरे पर हैं। केंद्रीय गृहमंत्री पी.चिंदबरम शिवगंगा से और सुरबाला तोंडमान त्रिची से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं।
कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद और वयालार रवि भी राज्य में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications