जल्द ही रेस्टोरेंट में बदलेगी 'हेरिटेज ऑन व्हील्स'
नई दिल्ली, 8 मई (आईएएनएस)। दो वर्षो तक पर्यटकों को राजस्थान के शेखावटी क्षेत्र का भ्रमण कराने के बाद अब रेलवे यार्ड में खड़ी 'हेरिटेज ऑन व्हील्स' ट्रेन जल्द ही जयपुर में रेस्टोरेंट का रूप ले सकती है।
इस ट्रेन का परिचालन करने वाले राजस्थान पर्यटन विकास निगम के महाप्रबंधक बी.के. शर्मा ने कहा,"यह बात दुखद है कि इतनी खूबसूरत ट्रेन यात्रियों को ढोने की बजाय रेलवे यार्ड में खड़ी है। हम नहीं चाहते कि हमारा प्रयास बेकार जाए।"
शर्मा ने आईएएनएस से कहा, "हमने इसे पारंपरिक आंतरिक साज सज्जा वाले एक रेस्टोरेंट में बदलने की सोची है। यह अपनी तरह का अनोखा विचार है। हमें यकीन है कि यह स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी आकर्षित करेगा।"
कुल 14 बोगियों वाली यह पूर्ण वातानुकूतिल ट्रेन जनवरी 2006 में शुरू हुई थी इसमें दो रेस्टोरेंट और एक बार भी शामिल था लेकिन गत दिसम्बर में इसका परिचालन कुछ कारणों से रोक दिया गया।
शर्मा ने कहा कि हेरिटेज ऑन व्हील्स को उसके नए रूप में जयपुर शहर के भीतर ही किसी स्थान पर खड़ा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस प्रस्ताव को अंतिम रूप दिया जा रहा है और संभवत: आम चुनाव के बाद वह इस बारे में कुछ स्पष्ट जानकारी देने की स्थिति में होंगे।
उल्लेखनीय है कि इस ट्रेन को 'पैलेस ऑन व्हील्स' की तर्ज पर शुरू किया गया था। इसमें एक व्यक्ति का एक रात का किराया 300 डॉलर रखा गया था। जबकि दो लोगों के लिए प्रति व्यक्ति किराया 200 डॉलर और तीन लोगों के लिए 150 डॉलर रखा गया था। ट्रेन का सफर तीन रातों और चार दिन का था।
राज्य पर्यटन संवर्धन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि कम यात्रियों के कारण ट्रेन सेवा बंद नहीं की गई बल्कि क्षेत्र की रेल लाइनों के मीटर गेज से ब्राड गेज में तब्दील होने से भी इसमें दिक्कत आई। यह ट्रेन मीटर गेज पर चलाई जा रही थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications