स्वाइन फ्लू : 24 देशों में 2,371 मामलों की पुष्टि (लीड-2)
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक ताजा आंकड़ों के अनुसार मेक्सिको में अब तक 1,112 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 42 संक्रमित व्यक्तियों की मौत हो चुकी हैं। इसी तरह अमेरिका में 896 और कनाडा में 201 लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं।
जबकि यूरोपीय देशों स्पेन में 81 और ब्रिटेन में 32 मामलों की पुष्टि हुई है।
इससे पहले संगठन की ओर से जारी आंकड़ों में कहा गया था कि इस बीमारी से 23 देशों में 2099 लोग संक्रमित हैं। इन देशों की सूची में शामिल होने वाला 24 वां देश पोलैंड है, जहां इसका एक मामला सामने आया है।
कनाडा के अलबर्टा प्रांत में गुरुवार को स्वाइन फ्लू के वायरस ए(एच1एन1) से संक्रमित एक वृद्ध महिला की मौत हो गई है। कनाडा में स्वाइन फ्लू से हुई मौत की यह पहली घटना है।
ब्राजील और अर्जेटीना में भी स्वाइन फ्लू के मामलों की पुष्टि हो गई है। ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्री जोस गोम्स टेम्पोरावो ने गुरुवार को स्वाइन फ्लू के चार मामलों की पुष्टि की। उन्होंने कहा, "स्वाइन फ्लू का वायरस ब्राजील में भी दस्तक दे चुका है।"
टेम्पोरावो ने बताया कि ब्राजील में जो चार लोग वायरस ए(एच1एन1) से संक्रमित पाए गए हैं उनमें से तीन अमेरिका और एक मेक्सिको से लौटे हैं।
अर्जेटीना की स्वास्थ्य मंत्री ग्रासेला ओकाना ने गुरुवार को बताया कि एक व्यक्ति के फ्लू से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। वह 25 अप्रैल को मेक्सिको से लौटा था।
उधर, अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा ने दुनिया भर में अपने व्यापारिक सहयोगियों से अनुरोध किया है कि स्वाइन फ्लू की वजह से सुअर के मांस से बने उत्पादों के व्यापार पर लगाए गए सभी प्रतिबंध हटा लिए जाएं। उन्होंने इस मामले में कानूनी कार्रवाई का रास्ता खुाला रखा है।
इस बीच खाद्य एवं कृषि संगठन और पशु स्वास्थ्य विश्व संगठन (ओआईई) ने संयुक्त रूप से जारी एक बयान में कहा है कि इंफ्लूएंजा के वायरस फैलने का संबंध सुअर का मांस या उससे बने अन्य पदार्थ खाने से नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications