खत्म नहीं हो रही हैं रूबी ढल्ला की परेशानियां
टोरंटो, 8 मई (आईएएनएस)। भारतीय मूल की कनाडाई सांसद रूबी ढल्ला की परेशानियां खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहीं। उन पर एक अन्य परिचारिका ने भी दुर्व्यवहार करने और कम वेतन देने के आरोप लगाए हैं। रूबी ने मामले की संसदीय जांच की मांग की है।
पूर्व मिस इंडिया-कनाडा रह चुकी ढल्ला (35) वर्ष 2004 से विपक्षी लिबरल पार्टी की सांसद हैं और इसी सप्ताह उनके घर पर काम कर चुकी दो परिचारिकाओं मैग्डालेन गोडरे और रिचलीन टॉंगसन ने सार्वजनिक रूप से उन पर ऐसे ही आरोप लगाए थे।
फिलीपींस की नागरिक इन परिचारिकाओं का कहना था कि उन्हें 16 घंटे तक काम करने के लिए मजबूर किया गया, उनके पासपोर्ट रख लिए गए और उन्हें कार धोने, जूते साफ करने और अन्य कई काम करने पर मजबूर किया गया।
गुरुवार को एक और परिचारिका ने उन पर ऐसे ही आरोप लगाए। परिचारिका ने स्थानीय मीडिया को बताया कि उससे कठिन काम कराए जाते थे और निर्धारित से कम पैसे दिए गए।
गुरुवार को ही ढल्ला ने पार्लियामेंट्री एथिक्स पैनल से परिचारिकाओं द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच करने को कहा। उन्होंने एक वक्तव्य में कहा, "मैं खुद पर और मेरे परिजनों पर लगाए गए आरोपों से दुखी और परेशान हूं और इन्हें गंभीरता से लेती हूं। मैं चाहती हूं कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो ताकि मैं बेदाग साबित हो सकूं।"
लगभग दो महीने पहले भी ढल्ला एक बार विवादों में घिर गई थीं जब उन्होंने एक फिल्म 'क्यों किस लिए' की डीवीडी के वितरण को रोकने की कोशिश की थी। फिल्म में उनके अपने सह अभिनेता और निर्माता चरणजीत सिहरा के साथ कुछ ऐसे अंतरंग दृश्य थे जिन्हें वह रुकवाना चाहती थीं। उस समय उन्होंने कहा था कि फिल्म में उनकी भूमिका के साथ छेड़छाड़ कर उनका चेहरा किसी और के शरीर पर लगा दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications