Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

चुनावी हिंसा : बंगाल व राजस्थान में कई जगह खूनखराबा, 5 की मौत (राउंडअप)

पश्चिम बंगाल में हिंसा की घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई जबकि तीन पुलिसकर्मियों सहित 12 लोग घायल हो गए। राज्य में 75 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

गुरुवार को शाम पांच बजे मतदान समाप्त होने के बाद राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी देबाशीष सेन ने कहा, "कुल 27 हजार से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए थे। अधिकतर केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।"

राज्य की 17 लोकसभा सीटों के लिए गुरुवार को हुए मतदान में युवाओं और बुजुर्गो ने जमकर मतदान किया। इस दौरान मुर्शिदाबाद, पूर्वी मिदनापुर और बर्धमान जिले में हिंसक झड़पें हुईं।

मुख्य सचिव अशोक मोहन चक्रबर्ती ने बताया कि मुर्शिदाबाद जिले के जांगीपुर लोकसभा क्षेत्र में उपद्रवियों ने एक मतदान केंद्र पर बम फेंका, जिसमें एक मतदाता की मौत हो गई। यहां से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी चुनाव लड़ रहे हैं। जिले में ही गुरुवार शाम कांग्रेस और माकपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई हिंसक झड़प में सात लोग घायल हो गए।

मुर्शिदाबाद लोकसभा क्षेत्र के डोमकोल में बुधवार को बम बनाने के दौरान हुए विस्फोट में घायल एक राजनीतिक दल से जुड़े व्यक्ति ने गुरुवार को दम तोड़ दिया।

बर्धमान जिले के आसनसोल में एक मतदान केंद्र के बाहर हुए विस्फोट में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।

राज्य के पुलिस महानिरीक्षक (कानून व व्यवस्था) राज कनौजिया ने आईएएनए से कहा कि कई घरों व वाहनों में आग लगाने के कारण यहां मतदान की प्रक्रिया कुछ समय के लिए बाधित रही। स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस बल को भेज दिया गया और तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।

हावड़ा जिले के उलूबेरिया निर्वाचन क्षेत्र के चंद्रपुर में मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद माकपा के एक कार्यकर्ता की गोली मार कर हत्या कर दी गई।

हिंसा को लेकर चर्चित नंदीग्राम में सत्ताधारी मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और विपक्षी तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प में कम से कम दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पूर्वी मिदनापुर के पुलिस अधीक्षक पल्लब कांति घोष ने आईएएनएस से कहा, "नंदीग्राम के अधिकारीपाड़ा क्षेत्र में झड़प में दो लोग घायल हो गए। सिर में गंभीर चोट से ग्रस्त इन लोगों को खजूरी ब्लॉक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।"

पूर्वी मिदनापुर जिले में दो लोगों की मौत हुई है। जिले के नंदीग्राम में चुनावी ड्यूटी पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक जवान की मस्तिष्काघात और लू लगने के कारण एक मतदाता की मौत हो गई। हुगली जिले के सिंगुर में मतदान शांतिपूर्ण रहा।

उधर, राजस्थान की कुल 25 लोकसभा सीटों के लिए गुरुवार को हुए मतदान के दौरान विभिन्न जगहों पर हुई हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस दौरान करीब 50 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने जयपुर में आईएएनएस को बताया, "पथराव और मतदान केंद्रों पर कब्जा करने की कुछ घटनाएं सामने आई हैं।" अधिकारियों का मानना है कि शाम पांच बजे 42,702 मतदान केंद्रों पर समाप्त मतदान कुल मिलाकर शांतिपूर्ण रहा।

सवाई माधोपुर जिले के ओलवार गांव में मतदान केंद्र पर कब्जा करने की कोशिश कर रही भीड़ पर पुलिस द्वारा चलाई गई गोली से एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस क्षेत्र से गुर्जर नेता कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। उनके प्रतिद्वंद्वी हैं केंद्रीय मंत्री कांग्रेस के नमोनारायण मीणा।

जिला पुलिस अधीक्षक विशाल बंसल ने कहा, "केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) द्वारा चलाई गई गोली में एक व्यक्ति नेतराम मीणा की मौत हो गई।"

अलवर और दौसा जिले में पथराव की घटनाएं हुईं। इस घटना में दौसा से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे किशोरीलाल मीणा घायल हो गए।

निर्वाचन आयोग के मुताबिक दौसा क्षेत्र में मतदान केंद्रों पर कब्जा करने की कोशिशें की गई। एक अधिकारी ने कहा, "हम इस मामले को देख रहे हैं और जरूरी हुआ तो पुनर्मतदान करवाया जाएगा।"

कुछ जगहों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में तकनीकी खराबी के भी मामले सामने आए। जयपुर से कांग्रेस के उम्मीदवार महेश जोशी को ईवीएम में खराबी की वजह से मतदान के लिए कुछ देर प्रतीक्षा करनी पड़ी।

जम्मू एवं कश्मीर के श्रीनगर क्षेत्र में एक मतदान केंद्र पर पेट्रोल बम से हमला किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "कुछ अज्ञात लोगों ने उमर कालोनी मतदान केंद्र पर पेट्रोल बम फेंका।" इस वारदात में कोई क्षति नहीं हुई। कुछ मतदान केंद्रों पर पथराव भी हुआ, लेकिन सुरक्षा बलों ने स्थिति को संभाल लिया।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+