दिल्ली : 50 फीसदी से अधिक मतदान, कांग्रेस-भाजपा के किए दावे

By Staff
Google Oneindia News

निर्वाचन आयोग ने अपने शुरुआती आकलन में बताया कि दिल्ली में 50 फीसदी से अधिक मतदान हुआ है। यहां मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच हुआ।

इस बीच दोनों दलों ने अपनी-अपनी जीत के दावे किए हैं। कांग्रेस ने सभी सातों सीटों पर जीत का दावा किया तो भाजपा ने कहा सभी सीटों पर कांटे का मुकाबला है।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जे. पी. अग्रवाल ने आईएएनएस से कहा, "दिल्ली में भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा। हम सभी सातों सीटों पर जीतेंगे। केंद्र और राज्य की कांग्रेस सरकार के विकास कार्यो के चलते लोगों ने हमारे पक्ष में मतदान किया है।"

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओ. पी. कोहली ने आईएएनएस से कहा, "सभी सीटों पर कांटे का मुकाबला है। किसे कितनी सीटें मिलेंगी, मेरे लिए अभी यह कहना मुनासिब नहीं है। शुक्रवार की शाम हमारी एक बैठक है जिसमें परिस्थिति का आकलन किया जाएगा।"

दिल्ली की सात में से छह सीटों पर फिलहाल कांग्रेस का और एक पर भाजपा का कब्जा है। नई दिल्ली संसदीय सीट पर केंद्रीय मंत्री अजय माकन और पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल के बीच कांटे का मुकाबला हुआ।

पूर्वी दिल्ली संसदीय सीट पर मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के पुत्र संदीप दीक्षित और क्रिकेट से राजनीति में आए चेतन चौहान, चांदनी चौक पर कपिल सिब्बल और भाजपा के विजेन्द्र गुप्ता, उत्तर पूर्व दिल्ली संसदीय सीट पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जे. पी. अग्रवाल और भाजपा के बी. एल. शर्मा प्रेम, दक्षिण दिल्ली में कांग्रेस के रमेश कुमार और भाजपा के रमेश बिधूड़ी, पश्चिम दिल्ली में कांग्रेस के महाबल मिश्रा और भाजपा के जगदीश मुखी और उत्तर पश्चिम सीट पर कांग्रेस की कृष्णा तीरथ और भाजपा की मीरा कांवरिया के बीच मुकाबला हुआ।

दिल्ली में कुल 11,348 मतदान केंद्र बनाए गए थे। शांतिपूर्ण मतदान के लिए निर्वाचन आयोग ने 73,000 मतदान कर्मियों को तैनात किया था।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Comments
देश-दुनिया की ताज़ा ख़बरों से अपडेट रहने के लिए Oneindia Hindi के फेसबुक पेज को लाइक करें
For Daily Alerts
तुरंत पाएं न्यूज अपडेट
Enable
x
Notification Settings X
Time Settings
Done
Clear Notification X
Do you want to clear all the notifications from your inbox?
Settings X
X