चौथे चरण में पश्चिम बंगाल में हिंसा के साथ-साथ सर्वाधिक मतदान भी (लीड-3)

निर्वाचन आयोग के प्रारंभिक आकलन के मुताबिक पश्चिम बंगाल में 75, दिल्ली में 50, बिहार में 37, हरियाणा में 63, जम्मू एवं कश्मीर की 24, पंजाब की 65, राजस्थान की 50 और उत्तर प्रदेश में 50 फीसदी मतदान हुआ।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, उनके पुत्र राहुल गांधी और पुत्री प्रियंका गांधी ने पति राबर्ट वाड्रा संग सुबह-सुबह दिल्ली में मतदान किया। इनके अलावा मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, कांग्रेस के युवा नेता सचिन पायलट, केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल, अजय माकन, भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा ने भी दिल्ली में अपने-अपने मताधिकार का उपयोग किया।

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने उत्तर प्रदेश के सैफई में अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मतदान किया तो पार्टी महासचिव अमर सिंह ने गाजियाबाद में वोट डाला। रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने पटना में और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बख्तिायारपुर में अपने-अपने मताधिकार का उपयोग किया।

मतदान के दौरान पश्चिम बंगाल के जांगीपुर लोकसभा क्षेत्र में उपद्रवियों ने एक मतदान केंद्र पर बम फेंका, जिसमें एक मतदाता की मौत हो गई। यहां से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी चुनाव लड़ रहे हैं। मुर्शिदाबाद लोकसभा क्षेत्र के डोमकोल में बम बनाने के दौरान हुए विस्फोट में घायल एक राजनीतिक दल से जुड़े व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। बर्दवान जिले के आसनसोल में बम विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन घायल हो गए। नंदीग्राम में दो स्थानों पर सत्ताधारी मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की झड़प हो गई, जिसमें दो लोग घायल हो गए।

राजस्थान के अलवर और दौसा के कुछ मतदान केंद्रों पर पथराव हुआ तो कुछ मतदान केंद्रों को लूटने को प्रयास किया गया। जम्मू एवं कश्मीर की श्रीनगर संसदीय सीट के एक मतदान केंद्र पर अज्ञात लोगों ने पेट्रोल बम फेंका। हालांकि इससे किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ। वहीं कुछ अन्य मतदान केंद्रों पर मतदान का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों ने पथराव भी किया।

श्रीनगर सीट पर मुख्य मुकाबला नेशनल कांफ्रेंस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री फारुक अब्दुल्ला और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के उम्मीदवार मौलवी इफ्तिखार हुसैन के बीच में है।

उल्लेखनीय है कि इस चरण में मतदान के लिए 1,29,103 मतदान केंद्र बनाए गए थे और 6.5 लाख मतदानकर्मी तैनात किए गए थे। इस चरण में विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष राजनाथ सिंह, मुलायम सिंह यादव, राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के अध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और जम्मू एवं कश्मीर में नेशनल कांफ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला सहित 1315 उम्मीदवारों का चुनावी भविष्य इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में बंद हो गया।

राजस्थान की सभी 25, दिल्ली की सभी 7, हरियाणा की सभी 10, पश्चिम बंगाल की 17, उत्तर प्रदेश की 18, पंजाब की चार, बिहार की तीन और जम्मू एवं कश्मीर की एक संसदीय सीट के लिए आज मतदान हुआ।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+