भर्ती घोटाले में दो और सीआरपीएफ अधिकारी गिरफ्तार
नई दिल्ली, 7 मई (आईएएनएस)। अर्ध सैनिक बल की भर्ती प्रक्रिया में हुई अनियमितता में कथित भूमिका के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक कमांडेंट और एक पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) सहित आठ लोगों को बुधवार को गिरफ्तार किया गया था। इसके ठीक एक दिन बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने इस मामले में गुरुवार को दो और अधिकारियों को गिरफ्तार किया है।
सीबीआई के एक अधिकारी ने आईएएनएस को यहां बताया, "हमने उप महानिरीक्षक (डीआईजी) टी.एम.बासला, 134वीं बटालियन के कमांडेंट डी.एस.सिद्धू और पटना के एक मध्यस्थ पंकज चौरसिया को गिरफ्तार किया है।"
सीबीआई ने मंगलवार को बिहार क्षेत्र (बिहार व झारखंड) के कुछ वरिष्ठ सीआरपीएफ अधिकारियों के खिलाफ साजिश, रिश्वत और गलत प्रेरणा देने का एक मामला दर्ज किया था। इसके साथ ही सीआरपीएफ में सिपाही की भर्ती के लिए लोगों से कथित तौर पर रिश्वत लेने के आरोप में कुछ नागरिकों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया था।
बुधवार को सीबीआई ने बिहार सीआरपीएफ के पुलिस महानिरीक्षक पुष्कर सिंह और कमांडेंट यादविंदर सिंह को गिरफ्तार किया था और उनके पास से 23 लाख रुपये नकद और 15 लाख रुपये की एफडी बरामद की थी।
गिरोह के संदिग्ध मुख्य सरगना सीआरपीएफ सिपाही मुकेश कुमार को झारखंड से गिरफ्तार किया गया था और उसके पास से 765,000 रुपये बरामद किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications