ओबामा ने आतंकवाद के खिलाफ नए पाक-अफगान मोर्चे की पहल की (लीड-1)
ह्वाइट हाउस में पाकिस्तान, अफगानिस्तान और अमेरिका के बीच त्रिपक्षीय वार्ता के बाद ओबामा ने कहा कि पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और अफगानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई दोनों यह समझते हैं कि अलकायदा एवं तालिबान दोनों देशों के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं।
ओबामा ने जरदारी और करजई की मौजूदगी में कहा, "हमारी रणनीति एक खास सच को प्रदर्शित करती है और वह यह है कि पाकिस्तान, अफगानिस्तान और अमेरिका की सुरक्षा एक-दूसरे से जुड़ी है। मैंने इसी उम्मीद से इन दोनों नेताओं को बुलाया है कि दोनों देश आतंकवाद के खिलाफ नया मोर्चा तैयार करेंगे।"
उन्होंने कहा, "हम उम्मीद करते हैं कि दोनों देशों के रिश्ते में वर्षो से मौजूद अविश्वास और कटुता को दूर करने की दिशा में ठोस पहल होगी। तभी दोनों देश इस चुनौती से निपटने के लिए संयुक्त प्रयास करेंगे। तालिबान और अलकायदा को कुचलने के लिए नया मोर्चा जरूरी है।"
ओबामा ने कहा कि उन्हें खुशी है कि दोनों निर्वाचित राष्ट्रपति इस चुनौती की गंभीरता को समझते हैं और हम इस दिशा में उनके प्रयासों की सराहना करते हैं। इस बीच, विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने कहा है कि इस त्रिपक्षीय वार्ता के बेहद उत्साहजनक संकेत मिल रहे हैं और निश्चित तौर पर आतंकवाद से निपटने के लिए ये दोनों देश कुछ खास पहल करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications