'बेहतरीन नौकरी' एक ब्रितानी की झोली में

परोपकार के लिए धन इकठ्ठा करने वाले पीटर्सफ़ील्ड, हैम्पशायर के 34-वर्षीय बेन साउथाल को 34 हज़ार आवेदकों में से चुना गया है.
साउथाल को इस नए काम में क्वींसलैंड बैरियर रीफ़ में स्थित हैमिलटन द्वीप में रहना और वहां से रिपोर्टें तैयार करना होगा.
इस कार्य से ऑस्ट्रेलियाई पर्यटन को नया जीवन मिला है जो कि वैश्विक आर्थिक मंदी के बदहाली में थी.
साउथाल को इस काम के लिए 150,000 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर का वेतन मिलेगा.
उन्हें क्वींसलैंड पर्यटन के एक समारोह में एक टीवी रियलिटी शो के प्रोग्राम की तरह के समारोह में विजेता घोषित किया गया.
अत्यधिक सम्मान
साउथाल ने कहा, "क्वींसलैंड पर्यटन के द्वीप केयरटेकर के तौर पर ग्रेट बैरियर रीफ़ जाना अत्यधिक सम्मान की बात है."
उन्होंने कहा, "मुझे उम्मीद है कि मैं लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरूंगा. मैं समझता हूँ कि मेरी तैराकी अच्छी है और मैं अपनी नई भूमिका में आने वाली सारी ज़िम्मेदारियों को बख़ूबी निभाने के लिए आश्वस्त हूँ."
साउथाल को उनके प्रतिद्वंदियों ने उनके नाम की घोषणा के बाद मुबारक बाद दी. अब वो बेहतरीन दृश्य वाले उस द्वीप में छह महीने अकेले ज़िंदगी गुज़ारने की तैयारी में हैं.
क्वींसलैंड पर्यटन ने ऑस्ट्रेलिया में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अनुठा तरीक़ा अपनाया
हैमिलटन द्वीप के केयरटेकर के लिए समुद्र किनारे तीन बेड-रूम का घर भी तैयार है. इसमें एक स्वीमिंग पूल और गोल्फ़ कोर्ट भी है.
इस काम के लिए साउथाल को ग्रेट बैरियर रीफ़ की सैर करना, तैरना, पानी के अंदर सांसवाली नली लगाकर ग़ोते लगाना, स्थानीय लोगों से दोस्ती करना शामिल है.
ब्लॉग
केयरटेकर साउथाल से ये भी उम्मीद की जाती है कि वो क्वींसलैंड पर्यटन और दुनिया भर के लिए ब्लॉग, फ़ोटो डायरी, वीडियो और साक्षात्कार के ज़रिए रिपोर्ट करेंगे.
फ़ाइनल में पहुंचने वाले सारे लोगों को हैमिलटन द्वीप में चार दिन की काफ़ी कठिन चयन प्रक्रिया से गुज़रना पड़ा. इसमें पानी के अंदर सांस की नली के साथ ग़ोताख़ोरी, स्पा में समय बिताने जैसी परिक्षाएं शामिल थीं.
फ़ाइनल में पहुंचने वाले इन लोगों की ब्लॉग लिखने की क्षमता, तैराकी और आमने-सामने बैठकर साक्षात्कार लेने की परिक्षा भी ली गई.
सिडनी से बीबीसी संवाददाता निक ब्रायंट का कहना है कि क्वींसलैंड पर्यटन ने जानबूझकर इस अभियान की शुरुआत जनवरी में उत्तरी गोलार्ध के जाड़े के मौसम में की लेकिन उन्हें इस प्रकार दुनिया भर से प्रतिक्रिया मिलने की उम्मीद नहीं थी.
हमारे संवाददाता ने बताया कि दुनिया भर से वेब इस्तेमाल करने वाले लोगों ने इस नौकरी का ब्योरा देखा और उत्तरी कोरिया और कुछ अफ़्रीकी देशों को छोड़ कर हर जगह से आवेदन आए.
दो सौ से भी ज़्यादा देशों से इस नौकरी के लिए आवेदन आए थे.


Click it and Unblock the Notifications