टाटा इंडिकॉम ने सफेद बाघ और तेंदुआ गोद लिया
भोपाल, 6 मई (आईएएनएस)। निजी क्षेत्र की दूरसंचार कंपनी टाटा इंडिकॉम ने राष्ट्रीय उद्यान वन विहार में वन्य प्राणियों को गोद लेने के लिए चलाई जा रही योजना के तहत सफेद बाघ भगत और तेंदुए ट्रेगा को एक साल के लिए गोद लिया है। इस तरह यह कंपनी अब तक बिग कैट प्रजाति के तीन जानवरों को गोद ले चुकी है।
भोपाल स्थित वन विहार के संचालक एस़ एस़ राजपूत ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि उडीसा के नंदन कान्हा जूलॉजीकल पार्क से सफेद बाघ भगत 12 अप्रैल को वन विहार आया है। इसे टाटा इंडिकॉम ने सवा लाख रुपये जमा कर एक साल के लिए गोद लिया है। इसी तरह ट्रेगा नाम के तेंदुए को 50 हजार रुपये का चेक जमा कर एक साल के लिए गोद लिया गया है। वन्य प्राणियों को गोद लेने की यह प्रक्रिया टाटा इंडिकॉम के मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ओनील वर्मा ने पूरी की।
राजपूत के मुताबिक टाटा इंडिकॉम पूर्व में इंदर नाम के शेर को एक साल के लिए गोद ले चुकी है। उन्होंने बताया है कि पिछले साल 30 दिसंबर से शुरू हुई इस योजना के तहत अब तक विभिन्न वन्य प्राणी प्रेमियों ने 13 वन्य प्राणियों को गोद लिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications