तमिल प्रदर्शनकारियों से आजिज आ चुके हैं लंदन में भारतीय राजनयिक
लंदन, 6 मई (आईएएनएस)। ब्रिटेन स्थित भारतीय उच्चायोग के राजनयिक तमिल प्रदर्शनकारियों की ओर से रोजाना किए जा रहे विरोध प्रदर्शनों से तंग आ चुके हैं। राजनयिकों की शिकायत है कि इनकी वजह से उच्चायोग का काम सहज तरीके से नहीं हो पा रहा है।
एक वरिष्ठ भारतीय राजनयिक ने आईएएनएस से कहा, "विएना समझौते के तहत यह मेजबान देश की जिम्मेदारी है कि वह हमारे कामकाज का सहज संचालन सुनिश्चित करे।"
राजनयिक ने कहा, "हम इंडिया हाऊस (भारतीय उच्चायोग) जाना चाहते हैं और अपना काम बिना किसी परेशनी के करना चाहते हैं। " उन्होंने कहा कि प्रदर्शनों की वजह से उन्हें पीछे के दरवाजे से आना-जाना पड़ता है।
उधर, मंगलवार को भारतीय उच्चायोग के समक्ष तमिलों का विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। ब्रिटिश विदेश मंत्रालय ने उच्चायोग की पूरी सुरक्षा का भरोसा दिलाया है।
भारतीय राजनयिकों का कहना है कि वे चाहते हैं कि विरोध प्रदर्शन उच्चायोग से लगी सड़क के उस पार हो जिस तरह की व्यवस्था ब्रिटिश पुलिस चीनी दूतावास के समक्ष विरोध प्रदर्शनों के दौरान करती है।
श्रीलंकाई उच्चायोग के प्रवक्ता वाल्टर जयवर्धना ने कहा, "लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) के दावे के विपरीत भारत श्रीलंकाई सेना की मदद नहीं कर रहा है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications