दुनिया में फ्लू के 1,516 मामलों की पुष्टि, भारत मुक्त (राउंडअप)
अमेरिका के स्वास्थ्य अधिकारियों ने मंगलवार को टेक्सास में स्वाइन फ्लू से ग्रस्त एक तीस वर्षीय महिला के मरने की पुष्टि की है।
टेक्सास की राजकीय स्वास्थ्य सेवा विभाग की प्रवक्ता कैरी विलियम्स ने बताया है कि कैरॉन काउंटी में रहने वाली 30 वर्षीय महिला की मौत पिछले सप्ताह हुई। इससे पहले हॉस्टन में एक 23 महीने के बच्चे की मौत स्वाइन फ्लू की वजह से हुई थी।
उधर अमेरिका के रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (सीडीसी ) के अधिकारियों ने बताया है कि स्वाइन फ्लू से जुड़े पुष्ट मामलों की संख्या 403 हो गई है। यह बीमारी अब तक 38 अमेरिकी राज्यों को अपनी गिरफ्त में ले चुकी है।
अमेरिका की स्वास्थ्य मंत्री कैथलीन सेबेलियस ने मंगलवार को कहा, "हमें पता है कि देश में और भी मामले होंगे। संख्या में बढ़ोतरी होगी और दुर्भाग्यवश ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती किए जाएंगे और ज्यादा मौतें होंगी।"
दूसरी ओर विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने बुधवार को इनफ्लुएंजा ए (एच1एन1) वायरस से ग्रस्त 22 देशों में 1,516 मामलों की पुष्टि की है।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक संयुक्त राष्ट्र की इस स्वास्थ्य एजेंसी ने अपनी वेबसाइट पर मेक्सिको में 29 मौतों सहित 822 लोगों के ग्रस्त होने, अमेरिका में दो मौतों सहित 403 मामलों, तथा कनाडा में कुल 165 मामलों की पुष्टि की है।
इसके अलावा यूरोपीय देशों में स्पेन में 57 मामले तथा ब्रिटेन में 27 मामले प्रकाश में आए हैं।
उधर, स्वाइन फ्लू से सबसे बुरी तरह प्रभावित मेक्सिको ने डब्ल्यूएचओ से शिकायत कर उन आठ देशों से स्पष्टीकरण मांगा है जो उसके यहां से सुअरों के मांस से बने उत्पादों के आयात में रुकावट डाल रहे हैं।
मेक्सिको के आर्थिक सचिव गेराडरे रुईज ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "हम उन देशों को मेक्सिको के निर्यात पर नाजायज प्रतिबंध थोपने की इजाजत नहीं देंगे। हम इस बात का पूरा बचाव करेंगे कि हमारे उत्पादों की गुणवत्ता दुनिया के हर बाजार में बिल्कुल खरी है।"
मेक्सिको की ओर से की गई शिकायत में इक्वोडोर, बोलीविया, होंदुरास, चीन, यूक्रेन, संयुक्त अरब अमीरात, रूस और अजरबैजान का नाम शामिल है।
इधर, भारत में फिलहाल स्वाइन फ्लू से जुड़े एक भी मामले की पुष्टि नहीं हो पाई है।
राष्ट्रीय संक्रामक रोग संस्थान (एनआईसीडी) के एक अधिकारी ने बुधवार को आईएएनएस को बताया, "हमारे यहां फ्लू से संबंधित अब तक जितने भी चिकित्सीय नमूनों की जांच गई है सभी की रिपोर्ट नकारात्मक रही है। अब हमारे पास कोई भी नमूना जांच के लिए नहीं है।"
एनआईसीडी अब तक 20 संदिग्ध मामलों की जांच कर चुका है। स्वाइन फ्लू से खतरे के मद्देनजर भारत में सड़क, समुद्री और हवाई रास्ते के जरिए पहुंचेन वाले यात्रियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव विनीत चौधरी ने बताया, "हम रोजाना हवाई अड्डों पर 35,000 से 40,000 यात्रियों की जांच कर रहे हैं। हवाई अड्डों के 68 कांउटरों पर 172 चिकित्सकों और 82 चिकित्सकर्मियों की तैनाती की गई है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications