कसाब पर भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने सहित 86 आरोप तय (लीड-1)
मुंबई हमलों की सुनवाई कर रही विशेष अदालत ने बुधवार को पुलिस की ओर से कसाब पर लगाए गए 86 आरोपों को अपनी मंजूरी दे दी। इन आरोपों में हत्या करने तथा हथियार व विस्फोटक रखने के आरोप शामिल हैं। हालांकि, कसाब ने खुद को बेकसूर बताया है।
यदि ये आरोप साबित हो गए तो कसाब सहित दो भारतीयों, फहीम अंसारी और सबाहुद्दीन अहमद को मृत्युदंड तक की सजा हो सकती है।
अंसारी और अहमद आतंकवादी संगठन लश्कर-ए तैयबा के संदिग्ध सदस्य हैं। दोनों पर मुंबई हमले की साजिश में लिप्त होने का आरोप है। इन आतंकवादी हमलों में 170 से ज्यादा लोग मारे गए थे।
मामले की सुनवाई में पिछले महीने उस वक्त व्यवधान उत्पन्न हो गया था, जब कसाब के वकील अब्बास काजमी ने अदालत से अपील की कि उनका मुवक्किल नाबालिग है, लिहाजा उसके मुकदमे की सुनवाई किशोर अदालत में की जानी चाहिए।
यद्यपि, बुधवार को कसाब ने अदालत को बताया कि वह पाकिस्तानी है और उसकी उम्र 21 वर्ष है।
विशेष सरकारी वकील उज्वल निकम ने कहा, "मुझे यह कहने में बड़ी खुशी हो रही है कि आरोपी ने अंतत: खुद अपनी उम्र का खुलासा कर दिया। उसके खिलाफ कुल 86 आरोप तय किए गए हैं।"
उच्च सुरक्षा वाले आर्थर रोड जेल परिसर में स्थित विशेष अदालत से बाहर आने के बाद निकम ने संवाददाताओं को बताया, "कसाब ने अदालत से कहा कि उसकी उम्र 21 वर्ष है, वह नाबालिग नहीं है।"
उन्होंने कहा कि आरोपी दरअसल अदालत को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications