छत्तीसगढ़ में बारूदी सुरंग विस्फोट, 11 की मौत (लीड-1)
पुलिस के अनुसार दंतेवाड़ा जिले के इंजेराम वन क्षेत्र में यह हमला हुआ। मारे जाने वालों में पांच विशेष पुलिस अधिकारी, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के दो जवान और चार नागरिक शामिल हैं।
उपमहानिरीक्षक (नक्सली कार्रवाई)पवन देव ने आईएएनएस को बताया, "पुलिसकर्मी ट्रैक्टर ट्राली में यात्रा कर रहे थे। सरगुदा गांव में नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया। हमले में 10 व्यक्तियों की मौत मौके पर ही हो गई। एक विशेष पुलिस अधिकारी ने बाद में दम तोड़ दिया।"
देव ने बताया कि दोनों घायल विशेष पुलिस अधिकारियों को इलाज के लिए दंतेवाड़ा लाया गया है।
दांतेवाड़ा के अधिकारियों ने कहा कि ट्रैक्टर ट्राली एक स्थानीय राहत शिविर में राशन की आपूर्ति करने के बाद लौट रहा था। इस इलाके में नक्सलवादियों के हमले से बचने के लिए सुरक्षाकर्मियों को पैदल चलने के कड़े निर्देश हैं, इसके बावजूद सुरक्षाकर्मी ट्रैक्टर-ट्राली पर सवार हो गए।
इससे एक दिन पहले ही नक्सलवादियों ने राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के एक वरिष्ठ नेता की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications