पाक पर भारी दबाव बनाने की जरूरत : हॉलब्रुक (लीड-1)
वाशिंगटन, 6 मई (आईएएनएस)। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के लिए अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि रिचर्ड हॉलब्रुक ने कहा कि तालिबान और अन्य आतंकवादियों के खिलाफ लड़ाई में शामिल होने के लिए अमेरिका को पाकिस्तान पर यथा संभव दबाव डालने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका पाकिस्तान पर भारत से ध्यान हटाकर तालिबान के खिलाफ लड़ाई में संसाधन लगाने के लिए दबाव डालना जारी रखेगा और यह भी सुनिश्चित करेगा कि अमेरिकी सहायता का इस्तेमाल भारत के खिलाफ हथियार खरीदने में न हो।
रिचर्ड हॉलब्रुक ने कांग्रेस की एक समिति के सामने मंगलवार को कहा कि वह लंबे समय से महसूस कर रहे हैं कि पाकिस्तान अपनी पश्चिमी सीमा पर हो रहे संघर्ष में और अधिक संसाधन लगा सकता है।
अमेरिकी संसद के निचले सदन- हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स- की विदेश मामलों की समिति के सामने हॉलब्रुक ने कहा कि एक उदार लोकतांत्रिक देश के रूप में पाकिस्तान का कायम रहना अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा,"पाकिस्तान के समर्थन और उसे शामिल किए बिना हम अफगानिस्तान में सफल नहीं हो सकते।"
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और अफगानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई से राष्ट्रपति बराक ओबामा की मुलाकात से पहले उन्होंने सांसदों को आश्वस्त करना चाहा कि पाकिस्तान सरकार गिरने के कगार पर नहीं है लेकिन उसे अधिक अमेरिकी समर्थन की जरूरत है।
उन्होंने कहा,"इस सरकार के समर्थन में हमारे बड़े रणनीतिक हित हैं। हमें पाकिस्तान सरकार के खत्म होने के बारे में भविष्यवाणी करके भ्रम नहीं फैलाना चाहिए। हमें नहीं लगता कि पाकिस्तान एक विफल राष्ट्र है। हमारा मानना है कि यह देश भारी दबाव में है ..उसके दुश्मन हमारे भी दुश्मन हैं।"
हॉलब्रुक ने कहा कि पाकिस्तान के अस्तित्व को वास्तव में खतरा है लेकिन यह देश के अंदर से है, बाहर से नहीं।
ओबामा प्रशासन के जरदारी से समर्थन वापसी संबंधी मीडिया खबरों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि निर्वाचित राष्ट्रपति जरदारी के नेतृत्व में पाकिस्तान को एक लोकतांत्रिक देश के रूप में स्थापित करना अमेरिका का उद्देश्य होना चाहिए।
हॉलब्रुक ने कहा कि उन्होंने मीडिया में छपी इन खबरों को पढ़ा कि प्रशासन ने जरदारी से दूरी बनाकर विपक्षी नेता नवाज शरीफ को समर्थन दिया है। यह पूरी तरह असत्य है।
गौरतलब है कि जरदारी और करजई, ओबामा और विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन से मिलने से पहले कांग्रेस सदस्यों के साथ काफी समय गुजारेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications