स्वाइन फ्लू: भारत में पुष्टि नहीं, अमेरिका में 403 मामले, (लीड-2)
नई दिल्ली/वाशिंगटन/मेक्सिको सिटी, 6 मई (आईएएनएस)। दुनिया के कई देशों में गंभीर रूप ले चुके स्वाइन फ्लू के किसी भी मामले की पुष्टि भारत में नहीं हुई है जबकि इसने अमेरिका में 400 से अधिक लोगों को चपेट में ले लिया है। इस बीमारी से अमेरिका में अब तक दो लोगों की मौत भी हो चुकी है।
भारत में अब तक स्वाइन फ्लू से जुड़े किसी भी मामले की पुष्टि नहीं हुई है। यह जानकारी राष्ट्रीय संचारी रोग संस्थान (एनआईसीडी) के एक अधिकारी ने बुधवार को दी।
अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "हमारे यहां फ्लू से संबंधित अब तक जितने चिकित्सीय नमूनों की जांच गई है सभी की रिपोर्ट नकारात्मक रही है। अब हमारे पास कोई भी नमूना जांच के लिए नहीं है।"
एनआईसीडी अब तक 20 संदिग्ध मामलों की जांच कर चुका है। स्वाइन फ्लू से खतरे के मद्देनजर भारत में सड़क, समुद्री और हवाई रास्ते के जरिए पहुंचेन वाले यात्रियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव विनीत चौधरी ने बताया, "हम रोजाना हवाई अड्डों पर 35,000 से 40,000 यात्रियों की स्क्रीनिंग की रहे हैं। इसके लिए हवाई अड्डों के 68 कांउटरों पर 172 चिकित्सकों और 82 चिकित्सकर्मियों की तैनाती की गई है।"
इस बीच समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार
अमेरिका के रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (सीडीसी ) के अधिकारियों ने बताया कि स्वाइन फ्लू से जुड़े पुष्ट मामलों की संख्या 403 हो गई है। यह बीमारी अब तक 38 अमेरिकी राज्यों को अपनी चपेट में ले चुकी है। यहां इस बीमारी से मरने वालों की संख्या दो हो गई है। टेक्सास के स्वास्थ्य विभाग की प्रवक्ता कैरी विलियम्स ने बताया कि कैरॉन काउंटी में रहने वाली 30 वर्षीय महिला की मौत पिछले सप्ताह हुई। इससे पहले हॉस्टन में 23 महीने के एक बच्चे की मौत स्वाइन फ्लू की वजह से हुई थी।
स्वाइन फ्लू से सबसे बुरी तरह प्रभावित मेक्सिको ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) से शिकायत कर उन आठ देशों से स्पष्टीकरण मांगा है जो उसके यहां से सुअरों के मांस से बने उत्पादों के आयात में रुकावट डाल रहे हैं।
मेक्सिको के आर्थिक सचिव गेराराडो रुईज ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "हम उन देशों को मेक्सिको के निर्यात पर अनुचित कदम उठाने की इजाजत नहीं देंगे और हम इस बात का पूरा बचाव करेंगे कि हमारे उत्पादों की गुणवत्ता दुनिया के हर बाजार में बिल्कुल सही है।"
मेक्सिको की ओर से की गई शिकायत में इक्वोडोर, बोलीविया, होंदुरास, चीन, यूक्रेन, संयुक्त अरब अमीरात, रूस और अजरबैजान का नाम शमिल है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार दुनिया के 21 देशों में अब तक 1,490 लोग इंफ्लूएजा ए एच1एन1 की चपेट में आ चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications