'आसन्न खतरे से अनजान बना हुआ है पाकिस्तान'
वाशिंगटन, 6 मई (आईएएनएस)। अमेरिका के कई सांसदों ने पाकिस्तान पर नियंत्रण की राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की योग्यता पर सवाल खड़े किए और उनमें से एक ने तो पाकिस्तान की तुलना उस व्यक्ति से की जिसकी पतलून में आग लगी है परंतु वह आसन्न खतरे को महसूस नहीं कर रहा है।
डेमोकेट्रिक पार्टी के सांसद गैरी एकरमैन ने मंगलवार को हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स की एक समिति के सामने पाकिस्तान और अफगानिस्तान के लिए अमेरिका के विशेष दूत रिचर्ड हॉलब्रुक से कहा कि जब किसी की पतलून में आग लगी हो तो उसे बचने के लिए दो काम करने होते हैं।
उन्होंने कहा कि सबसे पहले आपको यह वास्तविकता स्वीकार करनी होगी कि आपकी पतलून में आग लगी है। इसके बाद आपको इस बारे में कुछ करना होगा।
एकरमैन ने कहा,"पाकिस्तान में आग लगी है लेकिन वह आश्वस्त है कि यदि उसे अकेला छोड़ दिया जाए या फिर छिटपुट हमलों से इस्लामी आतंकवादी की आग खुद ही बुझ जाएगी। यह सबसे बड़ी मूर्खता है।"
एकरमैन ने संदेह जताया कि जबकि आतंकवादी राजधानी इस्लामाबाद से केवल एक घंटे की दूरी पर हैं, पाकिस्तानी सेना के वरिष्ठ अधिकारियों का विश्वास है कि भारत उनका सबसे बड़ा शत्रु है।
एकरमैन और अन्य सांसदों ने हॉलब्रुक से आग्रह किया कि वह उनकी चिंताओं से जरदारी को अवगत कराएं।
हॉलब्रुक ने कहा कि सदस्यों को स्थिति को अतिरंजित करने से बचना चाहिए। पाकिस्तान एक विफल राष्ट्र नहीं वरन ऐसा देश है जो भारी दबाव में है।
हॉलब्रुक ने कहा,"पाकिस्तान अमेरिका के लिए रणनीतिक और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है। हमें निर्वाचित राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के शासन में पाकिस्तान को लोकतांत्रिक देश के रूप में स्थापित करने के लिए सहायता देनी चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications