तुर्कीः विवाह समारोह में हमला, 44 मरे

तुर्की से आ रही ख़बरों के मुताबिक वहाँ एक विवाह समारोह के दौरान अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी कर कम से कम 44 लोगों की जान ले ली है. जानकारी के मुताबिक दक्षिण पूर्वी तुर्की के एक इलाके में एक शादी के दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया और समारोह में शामिल लोगों पर गोलियाँ बरसा दीं.
घटना में 44 लोगों की मौत हो गई है. एक परिवार तो ऐसा भी है जिसमें माता पिता और छह बच्चों की मौत हो गई है, पूरा परिवार ख़त्म हो गया है. हालांकि अभी तक इस बात से पर्दा नहीं उठ सका है कि हमलावरों का इस घटना के पीछे क्या मकसद था. चश्मदीदों और घटना में जीवित बचे लोगों ने बताया कि हमलावर अपना चेहरा मास्क के पीछे ढके हुए थे.
उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान ही एकाएक कुछ नकाबपोश हमलावर समारोह भवन में घुस आए और लोगों पर गोलियाँ बरसाने लगे. अधिकारियों के मुताबिक हमलावरों ने अपनी कार्रवाई में ग्रेनेड और राइफ़लों का इस्तेमाल किया है. पुलिस ने बताया कि किसी भी हमलावर को पकड़ा नहीं जा सका है पर हमलावरों को खोजने के लिए पुलिस रवाना कर दी गई है.


Click it and Unblock the Notifications