2 महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाया, 11 गिरफ्तार
नालछा थाने के तलवाड़ा गांव में रहने वाले राम प्रसाद की 14 वर्षीय बेटी को सुरेश नामक व्यक्ति कथित तौर पर भगाकर ले गया था। राम प्रसाद और उसके परिजनों को शक था कि उनकी बेटी को भगाने में गांव की ही दो महिलाओं का हाथ था। इसी के चलते रविवार रात को राम प्रसाद और उसके सहयोगी कथित तौर पर इन महिलाओं के घर पहुंचे तथा दोनों को पीट-पीटकर उनके मुंह पर कालिख पोत दी। उसके बाद उन्हें कथित रूप से निर्वस्त्र कर ढोल बजाते हुए पूरे गांव में घुमाया गया।
धार के पुलिस अधीक्षक चंचल शेखर ने घटना की पुष्टि करते हुए मंगलवार को आईएएनएस को बताया कि बेटी के भागने से बौखलाये राम प्रसाद ने अपने साथियों के साथ मिलकर यह कृत्य किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के कपड़े जरूर फाड़े गए लेकिन उन्हें पूरी तरह निर्वस्त्र नहीं किया गया। पुलिस ने महिलाओं की शिकायत पर भारतीय दंड संहिता की 354-ए के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
आदिम जाति कल्याण की पुलिस उपाधीक्षक सोनाली दुबे ने आईएएनएस को बताया कि दोनों महिलाओं ने पुलिस में निर्वस्त्र करके घुमाए जाने का बयान दर्ज कराया है और पुलिस ने उसी आधार पर कार्रवाई की है। नालछा थाने से मिली जानकारी के मुताबिक इस मामले में छह महिलाओं सहित कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications