बाहर रोजगार पैदा करने वाली कंपनियों को रियायातें नहीं : ओबामा
वाशिंगटन, 5 मई (आईएएनएस)। भारत तथा अन्य देशों में रोजगार उत्पन्न करने वाली कंपनियों को करों में दी जाने वाली छूट का विरोध करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने ऐसी छूट खत्म करने की योजना प्रस्तुत की है।
ओबामा ने सोमवार को कारपोरेट करों में मौजूद खामियों को दूर करने और विदेशों में कारोबार करने वाली अमेरिकी कंपनियों की कर छूट खत्म करने का प्रस्ताव रखते हुए कहा, "वर्तमान अमेरिकी कर प्रणाली के मुताबिक अगर आप बफैलो या न्यूयार्क की बजाय बेंगलुरू में नौकरी का सृजन करते हैं तो आपको करों में ज्यादा छूट मिलती है।"
व्हाइट हाउस द्वारा की गई एक घोषणा में ओबामा ने कहा, "मैं आपकी कंपनियों को दुनिया की सबसे प्रतिस्पद्र्धी कंपनियों में देखना चाहता हूं लेकिन कंपनियों को इसलिए छूट नहीं दी जाएगी कि वे विदेशों में रोजगार सृजन करें।"
अधिकारियों के मुताबिक ओबामा की इस योजना का उद्देश्य देश में नई नौकरियों का सृजन और कर प्रणाली की खामियों को दूर करना है। उन्होंने कहा कि इन परिवर्तनों के बाद अगले 10 वर्षों के दौरान 210 अरब डॉलर का कर राजस्व एकत्रित किया जा सकेगा।
हालांकि अमेरिकी चैंबर ऑफ कामर्स के मुख्य अर्थशास्त्री मार्टिन रिगालिया ने कहा कि ये खामियां नहीं हैं और इन्हें पूरी चर्चा और सबकी जानकारी के बीच लागू किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications