समाचार पत्र उद्योग को सहायता से अमेरिका सरकार का इंकार
वाशिंगटन, 5 मई (आईएएनएस)। एक ओर जहां प्रमुख अमेरिकी समाचार पत्र 'बोस्टन ग्लोब' बंद होने की कगार पर पहुंच गया है वहीं ओबामा प्रशासन का कहना है कि आने वाले समय में देश के समाचार पत्र उद्योग को किसी तरह का आर्थिक पैकेज दिए जाने की संभावना नहीं है।
समाचार पत्र उद्योग को सरकारी सहायता के संबंध में पूछे गए एक प्रश्न का जवाब देते हुए व्हाइट हाउस के प्रवक्ता रॉबर्ट गिब्स ने संवाददाताओं से कहा, "ईमानदारी से कहूं तो मुझे नहीं पता कि सरकार इसमें क्या कर सकती है।"
गिब्स ने कहा कि हालांकि राष्ट्रपति प्रेस की स्वतंत्रता के पक्षधर हैं और दिन ब दिन समाचार पत्रों का बंद होना दुखद है लेकिन इस उद्योग को अभी सरकारी सहायता मिलने की कोई संभावना नहीं है।
गिब्स ने कहा कि राष्ट्रपति बराक ओबामा प्रिंट मीडिया के हालात को लेकर चिंतित और दुखी हैं।
उल्लेखनीय है कि बोस्टन ग्लोग की मालिक न्यूयार्क टाइम्स कंपनी अगले एक-दो महीनों में समाचार पत्र को बंद करने की योजना बना रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications