दुनिया में स्वाइन फ्लू के 1,160 मामले, भारत फिलहाल मुक्त (राउंडअप)
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार रोग बचाव एवं नियंत्रण संबंधी यूरोपीय केंद्र (ईसीडीसी)की ओर से ये आंकड़े जारी किए गए हैं।
ईसीडीसी में एक विभाग के प्रमुख डेनिस कोलंबियर के अनुसार ज्यादातर मामले अभी तक मेक्सिको, अमेरिका और कनाडा में हैं।
उन्होंने कहा कि मेक्सिको में 727 मामलों की पुष्टि हो चुकी है और 26 मौतें हो चुकी हैं। अमेरिका में इसके 280 मामले हैं और एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि कनाडा में इसके 140 मामलों की पुष्टि हुई है।
सोमवार की तुलना में मेक्सिको में 137, अमेरिका में 53 और कनाडा में 39 अतिरिक्त मामले प्रकाश में आए हैं।
ईसीडीसी के अनुसार यूरोप में 107 मामले हैं जिनमें से 57 स्पेन और 27 ब्रिटेन में हैं। जबकि जर्मनी में नौ मामले प्रकाश में आए हैं।
ईसीडीसी के अनुसार यूरोप के कुल 12 देशों में स्वाइन फ्लू के मामलों की पुष्टि हुई है, लेकिन इस संख्या में इजाफा होने की संभावना है।
मेक्सिको के राष्ट्रपति फीलिप काल्डेरॉन ने कहा है कि उनका देश सामान्य स्थिति की ओर बढ़ने की स्थिति में आ गया है, क्योंकि स्वाइन फ्लू का प्रकोप अब शांत हो रहा है।
समाचार एजेंसी ईएफई ने काल्डेरॉन के हवाले से कहा है, "हम अपने को ऐसे चरण में पा रहे हैं, जब स्वाइन फ्लू के वायरस का प्रसार थम गया है और हम इसके बुनियादी स्वभाव से परिचित हो गए हैं।"
ज्ञात हो कि मेक्सिको दुनिया भर में स्वाइन फ्लू के प्रकोप का केंद्र है। इस रोग के वायरसों के आनुवांशिक तत्व सुअरों, पक्षियों और मनुष्यों जैसे तीन प्रजातियों से आते हैं।
काल्डेरॉन ने मेक्सिकोवासियों को 1 से 5 मई तक अपने घरों में ही रहने के लिए कहा है।
उधर स्विटजरलैंड स्थित विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने वैश्विक सतर्कता स्तर को बढ़ा कर पांच कर दिया है। यह स्तर पूर्ण महामारी की घोषणा से मात्र एक सीढ़ी नीचे है। डब्ल्यूएचओ के मुताबिक आधिकारिक तौर पर स्वाइन फ्लू की बीमारी 21 देशों में फैल चुकी है।
दूसरी ओर कनाडा में फ्लू का पहला गंभीर मामला प्रकाश में आया है। एडमोनटॉन में गंभीर बीमारी से ग्रस्त एक युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इधर, भारत में अभी तक स्वाइन फ्लू के संक्रमण के किसी भी मामले की पुष्टि नहीं हो पाई है। हालांकि जिन पांच लोगों के संदिग्ध इंफ्लुएंजा ए (एच1एन1) से ग्रस्त होने की आशंका है उनकी जांच चल रही है।
सह सचिव (स्वास्थ्य) विनीत चौधरी ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा, "अभी तक हमारे पास पांच संदिग्ध मरीज हैं। दो बेंगलुरू, दो कोच्चि और एक दिल्ली में। इनके नमूनों की जांच राष्ट्रीय संक्रामक रोग संस्थान में चल रही है और परिणाम का इंतजार है। "
चौधरी ने कहा कि दिल्ली में तीन लोगों को निगरानी में रखा गया था। इनमें से दो अमेरिका से जबकि एक कनाडा से आया था। इन्हें मंगलवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
कोच्चि में जिन दो लोगों के जांच नमूने लिए गए हैं वे ब्रिटेन और अमेरिका की यात्रा से दुबई होकर भारत पहुंचे थे।
देश में स्वाइन फ्लू से मुकाबले के लिए हवाई अड्डों और बंदरगाहों के अलावा सड़क मार्गो पर भी चौकसी बरती जा रही है। देश के 21 हवाई अड्डों पर स्वाइन फ्लू के संदिग्धों का पता लगाने के लिए चौकसी बरती जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications