मेक्सिको में स्थिति सामान्य हो रही है: राष्ट्रपति
समाचार एजेंसी ईएफई के अनुसार सोमवार को मेक्सिको के प्रांतीय गर्वनरों के साथ बैठक के बाद फिलीप ने कहा कि देश में अब स्थिति पटरी पर लौटती नजर आ रही है लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि स्वाइन फ्लू का वायरस अभी भी मौजूद है और इस बात की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है कि यह बीमारी और फैल सकती है।
फिलीप ने कहा कि देश के विभिन्न विद्यालय एक बार फिर से खुल गए हैं और अन्य कार्यालयों में भी कामकाज शुरू हो गए हैं। उन्होंने कहा कि स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि यूरोपीय रोग निवारण और नियंत्रण केंद्र (ईसीडीसी) के अनुसार दुनिया भर में स्वाइन फ्लू के सबसे अधिक मामले मेक्सिको में ही प्रकाश में आए हैं। यहां इस घातक बीमारी के 590 मामले सामने आए हैं। वहीं अमेरिका में 286 और कनाडा में 101 मामले की पुष्टि हुई है।
दूसरी ओर स्वाइन फ्लू ने अबतक अमेरिका के 36 प्रांतों को अपनी चपेट में ले लिया है। अमेरिका में स्वाइन फ्लू से जुड़े पुष्ट मामलों की संख्या बढ़कर 286 हो गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications