नया ऋण लेगी मेयतास, हिस्सेदारी बेचने से भी इंकार नहीं
कंपनी के सरकार द्वारा नियुक्त एक निदेशक अनिल के. अग्रवाल ने कहा कि ऋणदाताओं से सलाह के बाद कंपनी के कर्जो का पुनर्निधारण किया जा रहा है। इसके अलावा मौजूदा परियोजनाओं पर नए कर्ज लेने पर भी विचार किया जा रहा है।
कंपनी का संचालन सत्यम कंप्यूटर कंपनी के संस्थापक और पूर्व अध्यक्ष रामालिंगा राजू के बेटे तेजा राजू करते हैं। सत्यम में 78 अरब रुपये के घोटाले की बात सामने आने के बाद से मेयतास भी विवादों से घिर गई। सरकार ने मेयतास के बोर्ड में चार नए निदेशक अग्रवाल, के.रामलिंगम, ओ.पी. वैश और वेद जैन को नियुक्त किया।
ग्राहकों के सौदों को रद्द करने और भुगतान वापस लेने के कारण हैदराबाद स्थिति निर्माण कंपनी को संचालन जारी रखने के लिए कोष की कमी का सामना करना पड़ रहा है।
कंपनी अपने सभी 17 कर्जदाताओं से ऋणों के पुनर्निधारण के लिए वार्ता कर रही है और इसके लिए एसबीआई कैपिटल को सलाहकार नियुक्त किया गया है। मेयतास पर करीब 17,00 करोड़ का भारी कर्ज है।
बहरहाल बोर्ड को आशा है कि मेयतास के पास काफी अच्छे ठेके होने के कारण कंपनी की हालत सुधर जाएगी। मेयतास के अध्यक्ष रामलिंगम ने बताया कि हैदराबाद मेट्रो की 15,000 करोड़ की परियोजना के अलावा कंपनी के पास 8,500 करोड़ के ठेके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications