वाम दलों की तरफ राहुल का रुख

Rahul Gandhi
नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी को भरोसा है कि चुनाव बाद फिर कांग्रेस के नेतृत्व में ही अगली सरकार बनेगी, जिसे वामपंथी दलों का समर्थन प्राप्त होगा। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चन्द्रबाबू नायडू की तारीफ करते हुए उन्होंने संकेत दिए कि उनके लिए भी कांग्रेस के दरवाजे खुले हैं।

राहुल ने मंगलवार को स्थानीय अशोक होटल में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान यह भरोसा जताया। विश्वास से लबरेज राहुल ने कहा कि उनकी पार्टी को इस बार वर्ष 2004 के चुनावों से भी ज्यादा कामयाबी मिलेगी।

राहुल को भरोसा

राहुल ने कहा, "हम विपक्ष में नहीं बैठेंगे बल्कि चुनाव जीतेंगे और सरकार बनाएंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विपक्ष में बैठेगी।" उन्होंने कहा कि वामपंथी दलों के साथ उनकी पार्टी के वैचारिक मतभेद भले ही हों लेकिन उन्हें भरोसा है कि चुनाव बाद वे प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का समर्थन करेंगे।

नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा, "चुनाव के बाद गठबंधन के लिए हमने सारे दरवाजे खोल रखे हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि वाम दल प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का समर्थन करेंगे।" राहुल ने कहा, "ऐसा नहीं है कि विपक्षी दलों में अच्छे नेता नहीं हैं। नायडू जब मुख्यमंत्री थे तो उन्होंने विकास के कई काम किए। मैं उनका सम्मान करता हूं। बिहार में नीतीश कुमार ने भी अच्छा काम किया है।"

सभी के लिए कांग्रेस

उन्होंने कहा, "कांग्रेस के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का अब कोई अस्तित्व नहीं बचा। उसके घटक दलों को भी इसका एहसास है।" सरकार बनाने के लिए वामपंथी दलों का समर्थन करने के बारे में राहुल ने कहा, "वामपंथी दल यदि 180 से 190 सीटें जीतने में सफल होते हैं तो इस परिस्थिति में कांग्रेस उन्हें समर्थन देगी। उस समय मैं सबसे पहले कहूंगा कि कांग्रेस वाम दलों को समर्थन देगी।"

राहुल ने कहा, "कुछ बिन्दुओं पर वाम दलों और कांग्रेस में मतभेद हैं लेकिन मैं खुद उनसे बात करूंगा। मैं यह भी कहने में नहीं हिचकिचाऊंगा कि वामपंथी दलों के विचार बड़े पुराने हैं। परमाणु करार जैसे मुद्दे पर तो उनकी सोच 20 से 30 साल पुरानी है।"

उन्होंने कहा, "उन्हें यह स्वीकार करना ही होगा कि विश्व परिदृश्य में तेजी से आ रहे बदलाव के मद्देनजर उन्हें भी बदलाव के लिए बाध्य होना पड़ेगा।" राहुल ने डा. मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री पद के लिए देश के सर्वश्रेष्ठ उम्मीदवार बताया और कहा कि चुनाव बाद वह ही संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे।

उन्होंने कहा, "मनमोहन सिंह विलक्षण प्रतिभा के धनी हैं। उन्होंने देश के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। वह बेहतरीन प्रधानमंत्री हैं और इस वक्त प्रधानमंत्री पद के लिए उनसे बेहतर कोई उम्मीदवार नहीं है।"

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+