कांग्रेस ने अब फूट डालो और शासन करो की नीति बनाई : पासवान (लीड-1)
पासवान ने मंगलवार को पटना हवाई अड्डे यह प्रतिक्रिया केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री शकील अहमद खान ने उस बयान पर दी जिसमें उन्होंने कहा था कि केन्द्र में बनने वाली सरकार में लालू प्रसाद का स्थान मुश्किल है, जबकि पासवान के विषय में सोचा जा सकता है। पासवान ने कहा कि कांग्रेस अब राजद, लोजपा और समाजवादी पार्टी (सपा) में फूट डालकर शासन करना चाहती है।
पासवान ने कहा कि इन तीन दलों का गठबंधन मजबूत है और बिहार में अगामी विधानसभा चुनाव में भी राजद और लोजपा मिलकर लड़ेंगी। उन्होंने कहा कि बिहार और उत्तर प्रदेश में गठबंधन को मिल रहे समर्थन के कारण अन्य दलों के नेता भी अब अलग रणनीति बना रहे हैं।
इसके पूर्व बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने भी कहा कि वह कांग्रेस के छोटे नेताओं की बातों को नहीं बल्कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के फैसले को महत्व देती हैं। उन्होंने कहा, "कांग्रेस के नेता कुछ भी बोले मैं उन पर ध्यान नहीं देती। मुझे सोनिया गांधी पर भरोसा है और उनका कोई फैसला मुझे मंजूर है। मैं सब कुछ समझती व जानती हूं।"
ज्ञात हो कि इससे पूर्व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रणब मुखर्जी ने भी बिहार के चुनावी दौरे में कहा था कि केन्द्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर लालू प्रसाद को शामिल नहीं किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications