चौथा चरण: प्रणब, राजनाथ, मुलायम और लालू सहित कई दिग्गज मैदान में
नई दिल्ली, 5 मई (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में सात राज्यों व एक केंद्रशासित प्रदेश की 85 संसदीय सीटों के लिए सात मई को होने वाले मतदान के लिए मंगलवार शाम प्रचार का शोर थम जाएगा। इस दौर में विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी, विज्ञान व प्रौद्योगिकी मंत्री कपिल सिब्बल, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष राजनाथ सिंह, समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और जम्मू एवं कश्मीर की नेशनल कांफ्रेंस के प्रणेता फारूक अब्दुल्ला सहित 1315 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
लोकसभा चुनाव के इस चरण में राजस्थान की सभी 25, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सभी 7, हरियाणा की सभी 10, पश्चिम बंगाल की 17, उत्तर प्रदेश की 18, पंजाब की 4, बिहार की 3 और जम्मू एवं कश्मीर की एक संसदीय सीट के लिए आगामी गुरुवार को मतदान होगा। इस दौरान कुल 9,46,45,317 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे।
मतदान के लिए 1,29,103 मतदान केंद्र बनाए गए जिनमें 6.5 लाख मतदानकर्मियों तैनात होंगे। राजस्थान की जैसलमेर संसदीय सीट के अंतर्गत आने वाले मरुस्थलों में 2324 मतदाताओं के लिए निर्वाचन आयोग ने छह 'मोबाइल मतदान केंद्रों' की व्यवस्था की है। ये 'मोबाइल मतदान केंद्र' एक तय समय पर निर्दिष्ट स्थानों पर मतदाताओं के घरों के आसपास पहुंचेंगे ताकि उन्हें अपने मताधिकार का उपयोग करने में दिक्कत न पेश आए।
इस चरण में मुखर्जी, सिब्बल, राजनाथ, मुलायम, लालू और फारूक अब्दुल्ला के अलावा कांग्रेस के युवा सचिन पायलट, अजय माकन, संदीप दीक्षित, शेखर सुमन, भाजपा के शत्रुघ्न सिन्हा, विजय गोयल, राज बब्बर, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल, राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) अध्यक्ष अजीत सिंह और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का भी चुनावी भविष्य दांव पर रहेगा।
केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली की सभी सातों सीटों पर इस चरण में मतदान होगा। दिल्ली की सात पर छह सीटों पर फिलहाल कांग्रेस और एक पर भाजपा का कब्जा है। नई दिल्ली संसदीय सीट पर केंद्रीय मंत्री अजय माकन और पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल के बीच कांटे का मुकाबला है। पूर्वी दिल्ली संसदीय सीट पर मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के पुत्र संदीप दीक्षित और क्रिकेट से राजनीति में आए चेतन चौहान, चांदनी चौक पर कपिल सिब्बल और भाजपा के विजेन्द्र गुप्ता, उत्तर पूर्व दिल्ली संसदीय सीट पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जे. पी. अग्रवाल और भाजपा के बी. एल. शर्मा प्रेम, दक्षिण दिल्ली पर कांग्रेस के रमेश कुमार और रमेश बिधूड़ी, पश्चिम दिल्ली से कांग्रेस के महाबल मिश्रा और भाजपा के जगदीश मुखी और उत्तर पश्चिम सीट पर कांग्रेस की कृष्णा तीरथ और भाजपा की मीरा कांवरिया के बीच मुकाबला है।
उत्तर प्रदेश में 18 संसदीय सीटों के लिए राज्य के तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष राजनाथ सिंह (गाजियाबाद), समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव (मैनपुरी) और सपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार कल्याण सिंह (एटा) सहित 314 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
तीनों पूर्व मुख्यमंत्रियों के अतिरिक्त राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के अध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह (बागपत), सपा के अखिलेश यादव और कांग्रेस के राज बब्बर (फतेहपुर सीकरी) सहित कई प्रमुख नेता भी इस दौर में अपनी चुनावी किस्मत आजमा रहे हैं।
इस चरण में गाजियाबाद, एटा, मैनपुरी, मुजफ्फरनगर, कैराना, मथुरा, बागपत, फतेहपुर सीकरी, फरु खाबाद, कन्नौज, फिरोजाबाद, इटावा, अलीगढ़, आगरा, बुलंदशहर, हाथरस, गौतमबुद्ध नगर और मेरठ सीटों के लिए मतदान होगा। गाजियाबाद से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह लोकसभा का पहला चुनाव लड़ रहे हैं।
राजस्थान की सभी 25 सीटों पर गुरुवार को मतदान हो जाएगा। चुनाव के मद्देनजर राज्य में गर्मी के साथ-साथ राजनीतिक तामपान भी बढ़ गया है। यहां की 25 संसदीय सीटों के लिए गुरुवार को 3.7 करोड़ मतदाता 348 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत तय करेंगे। प्रमुख उम्मीदवारों में कांग्रेस के मौजूदा सांसद सचिन पायलट, भाजपा सांसद मानवेन्द्र सिंह, केंद्रीय मंत्री शीशराम ओला, पूर्व केंद्रीय मंत्री बूटा सिंह और महिला आयोग की अध्यक्ष गिरिजा व्यास प्रमुख हैं।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत यहां कांग्रेस के स्टार प्रचारक के तौर पर पार्टी की कमान संभाले हुए हैं तो भाजपा की तरफ से पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने मोर्चा संभाला हुआ है।
हरियाणा की सभी 10 सीटों के लिए चौथे चरण में मतदान होना है। ये चुनाव राज्य के मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा के लिए अग्नि परीक्षा हैं। विकास के मुद्दे पर कांग्रेस यहां चुनाव लड़ रही है। पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को यहां की नौ सीटों पर और भाजपा को एकमात्र सीट पर सफलता मिली थी।
भाजपा और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) यहां साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। हरियाणा में जिन उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत दांव पर हैं उनमें पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल व उनके बेटे कुलदीप बिश्नोई, केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा, मुख्यमंत्री के बेटे दीपेन्द्र हुड्डा, युवा नेता अशोक तंवर प्रमुख हैं।
बिहार में लोकसभा की तीन सीटों के लिए गुरुवार को वोट डाले जाएंगे। इस चरण में रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव सहित विभिन्न दलों के कई दिग्गज नेताओं समेत 57 प्रत्याशी चुनाव मैदान में ताल ठोंक रहे हैं।
राज्य में लोकसभा की कुल 40 सीटों में से अब बाकी बची तीन सीटों-पटना साहिब, पाटलिपुत्र एवं नालंदा के लिए वोट डाले जाएंगे। इसमें करीब 48़ 80 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इसके लिए 5,268 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।
पाटलिपुत्र संसदीय क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद, जनता दल (युनाइटेड) से पूर्व सांसद रंजन प्रसाद यादव तथा कांग्रेस से पूर्व सांसद विजय सिंह यादव के बीच मुकाबला हो रहा है। वहीं पटना साहिब सीट के लिए पूर्व मंत्री शत्रुघ्न सिन्हा और कांग्रेस प्रत्याशी शेखर सुमन के बीच मुकाबला है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications