चौथे चरण में उप्र में कई सीटों पर दिलचस्प मुकाबला

तीनों पूर्व मुख्यमंत्रियों के अतिरिक्त राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के अध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह , सपा के अखिलेश यादव और कांग्रेस के राज बब्बर सहित कई प्रमुख नेता भी इस दौर में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

इस चरण में गाजियाबाद, एटा, मैनपुरी, मुजफ्फरनगर, कैराना, मथुरा, बागपत, फतेहपुर सीकरी, फरु खाबाद, कन्नौज, फिरोजाबाद, इटावा, अलीगढ़, आगरा, बुलंदशहर, हाथरस, गौतमबुद्ध नगर और मेरठ सीटों के लिए मतदान होगा।

गाजियाबाद से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह लोकसभा का पहला चुनाव लड़ रहे हैं। बड़े कद के नेता होने के कारण वह बाकी प्रत्याशयिों पर थोड़े भारी जरूर पड़ रहे हैं लेकिन उनकी राह आसान नहीं दिख रही है। कांग्रेस ने उनके खिलाफ वर्तमान सांसद सुरेंद्र प्रकाश गोयल को मैदान में उतारा है, तो बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अमरपाल शर्मा को चुनावी अखाड़े मे उतारकर पूरी लड़ाई दिलचस्प बना दी है।

एटा में भाजपा के बागी एवं सपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी कल्याण सिंह की राह भी आसान नहीं दिख रही है। वर्तमान में बुलंदशहर संसदीय सीट से सांसद कल्याण सिंह इस सीट के सुरक्षित हो जाने के बाद एटा से नई जमीन तलाश रहे हैं। उन्हें सपा से बसपा में गये वर्तमान सांसद देवेंद्र सिंह यादव, भाजपा के श्याम सिंह शाक्य और कांग्रेस के महादीपक सिंह से कड़ी टक्कर मिल रही है।

एक समय मुलायम सिंह के करीबी रहे सपा से आगरा के सांसद राज बब्बर इस बार आगरा संसदीय सीट के सुरक्षित हो जाने के बाद पास की फतेहपुर सीकरी से कांग्रेस के टिकट पर नई संभावनाएं तलाश रहे हैं। यहां पर उन्हें बसपा की सीमा उपाध्याय, सपा के रघुराज शाक्य, भाजपा के अरिदमन सिंह से कड़ी टक्कर मिल रही है।

फिरोजाबाद मे अखिलेश यादव को बसपा के एस.पी.सिंह बघेल से, फरूखाबाद में कांग्रेस के उम्मीदवार सलमान खुर्शीद को बसपा के नरेश अग्रवाल से, मथुरा में रालोद प्रमुख अजीत सिंह के बेटे जयंत चौधरी को कांग्रेस के वर्तमान सांसद मानवेंद्र सिंह और बसपा के सुरेंद्र पाल शर्मा से कड़ी चुनौती मिल रही है।

रालोद प्रमुख अजीत सिंह अपनी परांपरागत बागपत संसदीय सीट से मैदान में हैं। वहां पर लगभग उनकी जीत तय मानी जा रही है लेकिन इस बार बसपा ने उनके खिलाफ दबंग छवि के मुकेश शर्मा को और कांग्रेस ने सोमपाल शास्त्री को मैदान में उतारकर लड़ाई को दिलचस्प बनाने की कोशिश जरूर की है।

उधर सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव की उनकी परंपरागत मैनपुरी सीट से जीत पक्की मानी जा रही है। वह तीसरी बार इस सीट से चुनाव लड़े रहे हैं। मुलायम यहां पर कितने अंतर से जीतते हैं यह देखना रोचक होगा। भाजपा ने उनके खिलाफ भोजपुरी फिल्मों की गायिका तृप्ति शाक्य और बसपा ने विनय शाक्य को अपना उम्मीदवार बनाया है।

उल्लेखनीय है कि राज्य में पांच चरणों में लोकसभा के चुनाव हो रहे हैं। पहले चरण में 16 , दूसरे चरण में 17 और तीसरे चरण में 15 संसदीय सीटों के लिए मतदान संपन्न हो चुका है। प्रदेश की 80 संसदीय सीटों में से अब तक 48 पर मतदान संपन्न हो चुका होगा। चौथे और पांचवें चरण में क्रमश: 18 और 14 सीटों पर मतदान होगा।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+