पाकिस्तान में आत्मघाती बम हमले में 5 मरे, 20 घायल (लीड-1)
इस्लामाबाद, 5 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर इलाके में मंगलवार को एक आत्मघाती हमलावर ने जांच चौकी पर हमला कर कम से कम पांच लोगों की हत्या कर दी और कई को घायल कर दिया।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत की राजधानी पेशावर के बाहरी इलाके में स्थित पुलिस और अर्धसैनिक बलों की एक जांच चौकी पर हमलावर ने विस्फोटकों से भरी कार को उड़ा दिया।
पुलिस अधिकारी फैजल मौला ने फोन से डीपीए को बताया कि पांच लोगों की मौत हुई है और करीब 20 लोग घायल हुए हैं। इनमें से अधिकांश राहगीर हैं।
अधिकारी के अनुसार एक स्कूल बस में सफर कर रहे छह बच्चे भी घायलों में शामिल हैं।
अर्धसैनिक बलों के जवानों से भरा एक ट्रक विस्फोट के तुरंत पहले ही जांच चौकी से गुजरा और विस्फोट उससे 50 मीटर दूर हुआ। विस्फोट में नौ जवान भी घायल हुए हैं।
धमाके से कई वाहन और सड़क से लगी कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। अभी तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications